चोरों की पुलिस से मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन अन्य गिरफ्तार : चोरों के पास से तमंचा-कारतूस, कार, सोने, चांदी के जेवरात व नगदी बरामद
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Oct 19, 2026
मुठभेड़ में घायल अपराधी थाना खैरीघाट का हिस्ट्रीशीटर
अंधेरे का फायदा उठाकर दो साथी भागने में रहे सफल
बहराइच। थाना खैरीघाट क्षेत्र में अन्तर जनपदीय शातिर चोरो से पुलिस की मुठभेड़ हुई। बीती रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट व थाना खैरीघाट की संयुक्त पुलिस टीम की शातिर अपराधियों से मुठभेंड़ हुई। जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी व उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके दो साथी भागने में सफल रहे। पुलिस टीमें मौके से भागने वाले अपराधियों की लगातार तलाश कर रही है। मुठभेड़ में घायल अपराधी थाना खैरीघाट का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नानपारा खैरीघाट रोड के पास वैवाही रोड पर कुछ अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति चोरी करने वाले है। जिस पुलिस टीम बताये गये स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान दो चारपहिया वाहनों से संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा उन्हें घेराबन्दी कर रोकने का प्रयास किया गया परन्तु स्वयं को पुलिस टीम से घिरता हुआ देखकर एक अपराधी अर्टिका कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। जिस पर जवाबी कार्रवाई की गई। जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गयी। जिससे वह घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम द्वारा कार की घेराबंदी कर कार में पूर्व से मौजूद अन्य तीन अपराधियों को जो भाग रहे थे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान महेश चौहान पुत्र नानकुन निवासी अरनवा टिकुरी, मोहित लाल पुत्र बदलू निवासी अरनवा टिकुरी थाना खैरीघाट व अनिल विश्कर्मा पुत्र बाकेलाल निवासी मिहीपुरवा रेलवे क्रासिंग थाना मोतीपुर के रूप में की गई। घायल अपराधी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसकी पहचान सम्भारी पुत्र भोखन निवासी अरनवा टिकुरी थाना खैरीघाट रूप में की गई। अभियुक्तो के पास से एक अदद तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक अदद जिंदा कारतूस व एक चारपहिया वाहन आर्टिका कार, सोने, चांदी के जेवरात और नकदी बरामद हुई। अपराधियों से पूछताछ में चोरी की कई घटनाओं को करना बताया गया है। घायल अपराधी को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया। जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा मौके पर पहुँच कर मौका मुआयना करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन