दुर्गा पूजा पंडालों का जायजा लेने निकले डीएम-एसपी : त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Oct 19, 2026
बहराइच। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने पयागपुर थाना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रमुख मार्गों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा आवागमन की व्यवस्थाओं को परखा। डीएम-एसपी ने संबंधित अधिकारियों को विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और लगातार गश्त करने के निर्देश दिए। अफवाहों एवं अराजक गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही लोगों से त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर कनिष्क आर. जामकर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन