पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि : एसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Oct 21, 2026
बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में 15 हजार फीट की ऊंचाई पर सीआरपीएफ के 10 जवानों ने चीनी हमले में शहादत दी थी। उन्हीं वीरों की याद में हर साल पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। पुलिस का कर्तव्य सबसे कठिन और जोखिम भरा है। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक पूरे देश में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य के दौरान बलिदान दिया, जिसमें यूपी के 6 जवान शामिल हैं। जालौन में अपहरण की बरामदगी पर जा रही टीम की सड़क दुर्घटना में 4 जवान और गौतमबुद्धनगर में आग बुझाते समय 2 फायर कर्मियों ने शहादत दी। कार्यक्रम में एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह, एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सीओ पयागपुर, सीओ क्राइम, सीओ यातायात समेत सभी सर्किल के सीओ और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन