लाखों की चोरी का खुलासा, ग्राम प्रधान ने एसपी और एसओजी टीम की सराहना : बोले-पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में बढ़ा विश्वास
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Oct 21, 2026
कुंवर दिवाकर सिंह
बहराइच। थाना खैरीघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत संकल्पा में लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस द्वारा खुलासा किए जाने पर ग्राम प्रधान शेर अली ने पुलिस अधीक्षक और एसओ टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र के लोगों का पुलिस पर विश्वास बढ़ा है। जानकारी के अनुसार बीते 4-5 अक्टूबर की मध्य रात्रि ग्राम पंचायत संकल्पा में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए पुश्तैनी जेवरात और नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया था। घटना के बाद ग्राम प्रधान शेर अली ने थाना खैरीघाट और पुलिस अधीक्षक को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कई पुलिस टीमों का गठन किया।
घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग
विवेचना के दौरान एसओजी टीम की सूचना पर संदिग्धों की घेराबंदी की गई, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सम्मारी उर्फ समोखन निवासी टिकरी अरनवा, महेश चौहान निवासी टिकरी अरनवा और मोहित लाल पुत्र बदलो निवासी टिकरी अरनवा शामिल हैं। वहीं अनिल विश्वकर्मा पुत्र बांकेलाल निवासी मोतीपुर रेलवे क्रॉसिंग का नाम भी सामने आया है। 19-20 अक्टूबर की मध्यरात्रि बंजरिया पुल के पास घेराबंदी के दौरान नसीम उर्फ ठेकेदार पुत्र निसार निवासी चंदौसाकलां थाना ईसानगर, खीरी और जाकिर उर्फ जबर पुत्र सुल्तान निवासी तुर्क तकिया, थाना ईसानगर, खीरी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। इसके अलावा इस मामले में वीरेंद्र पोरवाल और ठेकेदार पुत्र मुन्नीलाल निवासी दौलतपुर थाना मोतीपुर की गिरफ्तारी हुई है, जबकि संकल्पा निवासी निर्मला देवी पत्नी जय श्रीराम की तलाश जारी है। ग्राम प्रधान शेर अली ने कहा कि पुलिस की इस तत्परता से पीड़ित परिवार को राहत मिली है और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन