पुलिया के नीचे युवक का शव मिलने से हड़कंप : परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Oct 21, 2026
नवरात्रि की अष्टमी से लापता था युवक
रूपईडीहा, बहराइच। रूपईडीहा थाना क्षेत्र में आईसीपी बाईपास रोड से करीब 500 मीटर दूर एक पुलिया के नीचे बुधवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव से दुर्गंध आने पर स्थानीय बच्चों की नजर उस पर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिया के नीचे शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने रूपईडीहा पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और स्थानीय लोगों से उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान नई बस्ती रूपईडीहा निवासी पिंटू कश्यप 30 पुत्र चेतराम कश्यप के रूप में हुई। युवक की पहचान होने के बाद उसके परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक पिंटू नवरात्रि की अष्टमी के दिन महाआरती के लिए आवश्यक सामान खरीदने बाजार गया था। बताया जाता है कि उसे एक किराने की दुकान पर भी देखा गया था, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब नौ बजे पुलिया के नीचे उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
मोतीपुर, बहराइच। मिहींपुरवा के परवानी गौड़ी में हाईवे किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक के हाथ पर ’राम धनी यशोदा’ नाम का टैटू बना हुआ है। यदि कोई इस व्यक्ति के बारे में जानता हो या पहचान करता हो तो तत्काल थाना मोतीपुर के नम्बर 9454402978 पर दे सकते है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कम्प
बहराइच। थाना जरवलरोड के पंडितपुरवा गांव में लापता रमेश का शव तालाब से बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस पीएम रिपोट का इंतजार कर रही है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के पंडितपुरवा गांव में मंगलवार सुबह तालाब में 45 वर्षीय रमेश का शव मिलने से हड़कम्प मच गया। गांव के पास स्थित तालाब में शव उतराता दिखाई देने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान पंडितपुरवा गांव निवासी रमेश पुत्र भगौती के रूप में की गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक रमेश सोमवार देर रात्रि घर से निकले थे लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। मंगलवार सुबह तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान घर के पास स्थित तालाब में रमेश का शव उतराता दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जरवलरोड पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पीएम रिपोट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल 45 वर्षीय रमेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए है। घटना से परिजन सदमे में है। जबक पुलिस पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
खेलते समय आठ वर्षीय बालक की कुंए में गिरकर मौत
बहराइच। बौण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कौड़हा के मजरा घोंसवा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते-खेलते आठ वर्षीय बालक कुंए में गिर गया। जिससे बालक की डूबकर मौत हो गई। मृतक बालक की पहचान आठ वर्षीय साहिल पुत्र शमसेर निवासी घोंसवा के रूप में हुई है। पिता शमसेर ने बताया कि बेटा घर के पास खेल रहा था। तभी अचानक पैर फिसलने से वह कुंए में गिर गया। जब तक परिजन उसे बाहर निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची बौण्डी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुंए से बाहर निकालवाया। पिता द्वारा पीएम से इंकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन