फाइनेंसकर्मी से हुई लूट का खुलासा, चार गिरफ्तार : लूटी गई नगदी, टैबलेट, घटना में प्रयुक्त दो बाइके बरामद
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Oct 21, 2026
बहराइच। फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूट के 49,500 रूपये नकद, एक लेनोवो कम्पनी का टैबलेट तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। बीते 14 अक्टूबर को भारत फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी सतीश चन्द्र मोटरसाइकिल से बेड़नापुर क्षेत्र से बहराइच जा रहे थे। तभी महाकाल पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उन्हें धक्का देकर उनका बैग छीन लिया गया था। जिसमें नगदी, एक टैबलेट, पावर बैंक तथा बायोमैट्रिक मशीन रखी हुई थी। उक्त घटना के संबंध में थाना कोतवाली देहात पर अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने अहिरनपुरवा गोलवा से कहारनपुरवा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि लूटी गई धनराशि को अभियुक्तों ने आपस में बांट लिया था तथा बैग एवं बायोमैट्रिक मशीन को रास्ते में फेंक दिया था। गिरफ्तार अभियुक्तों में सत्यदेव विश्वकर्मा उर्फ सत्या पुत्र रामकृपाल विश्वकर्मा निवासी प्रधानपुरवा विजौवापुर, विपिन यादव पुत्र फुल्लन यादव निवासी विजौवापुर, थाना फखरपुर, बड़कऊ उर्फ हुसैन पुत्र अमानत अली निवासी डोकरी थाना बौण्डी व सत्येन्द्र कुमार शुक्ला उर्फ सचिन पुत्र शिवदत्त शुक्ला निवासी रामापुर किल्हौली थाना फखरपुर शामिल है।
विज्ञापन
विज्ञापन