अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरूद्ध की जाय कठोर कार्रवाई : अवैध एवं ओवरलोडेड वाहनों तथा अवैध बालू खनन के विरूद्ध प्रवर्तन की प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Oct 18, 2026
बहराइच। कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा हेतु शनिवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कर-करेत्तर से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए अभियान संचालित किया जाय। श्री पाण्डेय ने कहा कि सभी विभाग मासिक लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें। सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने स्तर पर भी नियमित रूप से वसूली की समीक्षा करते रहें। कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान डीएम ने कर-करेत्तर से सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि माहवार निर्धारित लक्ष्य तथा गत वर्ष इस माह तक की गई राजस्व वसूली से कम वसूली नहीं होनी चाहिए। डीएम ने सम्बन्धित विभागों को मानक के अनुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये। विभागों से कहा गया कि मानक के अनुसार प्रवर्तन की कार्यवाही अधिक से अधिक राजस्व वसूली सुनिश्चित करें। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि मण्डल के अन्य जनपदों के सापेक्ष जिले की वसूली कम नहीं होनी चाहिए। डीएम ने खनन अधिकारी को निर्देश दिया कि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश के लिए प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाय तथा खनन में संलिप्त वाहनों को सीज़ किया जाय। संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले में अभियान संचालित कर डग्गामार वाहनों, अवैध रूप से संचालित बसों तथा ओवर लोडेड वाहनों की जांच कर उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें। डीएम ने आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व आबकारी शुल्क की वसूली की प्रगति में सुधार लायें।
विज्ञापन
विज्ञापन