: 2 किलो 160 ग्राम अफीम के साथ नेपाली दम्पति गिरफ्तार
Wed, Sep 11, 2024
पकड़ी गई अफीम की अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पचास लाख रूपये
रूपईडीहा, बहराइच। थाना रूपईडीहा पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में एक नेपाली दम्पति को 2 किलो 160 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया। पकड़ी गई अफीम की अर्न्तराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पचास लाख रूपये आंकी गई है। प्रभारी निरीक्षक रूपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम व एसएसबी द्वारा मंगलवार दोपहर एसएसबी चेक पोस्ट से 100 मीटर उत्तर के पास दो तस्करों को तस्करो को धर दबोचा। पकड़े गए तस्कर की पहचान वरिलाल घार्ती पुत्र शेर बहादुर धार्त्री उम्र 50 वर्ष व नरमाया घर्ती पत्नी वरिलाल घर्ती उम्र 39 वर्ष निवासीगण वार्ड नं. 5 पबांग सिसने गाँव पालिका जिला रुकुम राष्ट्र नेपाल के रूप में की गई। जिनकी तलाशी से क्रमशः अभियुक्त वरिलाल उपरोक्त के पास से 210 ग्राम अफीम व अभियुक्ता नरमाया के कब्जे से 1 किलो 950 ग्राम अफीम कुल 2 किलो 160 ग्राम अफीम बरामद किया गया। जिसके सम्बन्ध में स्थानीय थाना पर मुअसं. 0412/2024 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया। आवश्यक कार्यवाही करने के उपरांत अभियुक्तगण उपरोक्त को पेशी के लिए न्यायालय सदर रवाना किया गया। गिरफ्तारी टीम में चौकी इंचार्ज बाबागंज राम गोविन्द वर्मा, मनोज कुमार यादव, रोशनी वर्मा, हे.का.अजय राणा, का.जयचन्द्र गौड़, का.संजय गौड़, का.आशीष सिंह, एसएसबी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह, स.उ.नि.संतोष कुमार विश्वास, उपेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी गजेन्द्र सिंह, आरक्षी शकील अहमद अंसारी, आरक्षी महिला सबिता दास, टी.यमुना, सुप्रिया भारती, अल्लू गोलू मोहनी, आरक्षी ब्रिज मोहन, डाग रैको नं. 679 व डाग हैंडलर मो.फारूख शामिल रहे।
: खेवईया ही भाजपा सरकार की डूबो रहे नैईया
Tue, Sep 10, 2024
बीडीओ की बेअन्दाजी से त्रस्त हैं प्रधान
बहराइच। जमीनी स्तर पर तैनात अधिकारियों का फर्ज बनता है कि जनता की समस्यायें सुने, उनका निराकरण कराये। जमीनी हकीकतों से वाकिफ रहे। पर विकास खण्डों में तैनात अधिकारी इससे उलट शासन की मंशा पर पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे है। न केवल ऐसे अधिकारी योगी सरकार किरकिरी करा रहे है बल्कि भाजपा सरकार के ताबूत में कील ठोकते नजर आ रहे है। तानाशाह बनकर आमजन को धमकियां, गाली गलौज व मारपीट पर आमादा है। बात विकास खण्डों पर तैनात खण्ड विकास अधिकारियों की बात करें तो पयागपुर में दीपेन्द्र पाण्डेय की तैनाती है। बीडीओ को जिम्मेदारी दी गई है कि छुट्टा गोवंशों की समस्याओं से ग्रामीणों को निजात दिलाए पर खण्ड विकास अधिकारी बताते है कि यह हमारा ठेका नहीं है। ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों से अभद्रता से बात करना उनके लिए आम बात हो गई है। बात सोमवार को करें तो क्षेत्र के खजुरी के पूर्व ग्राम प्रधान चन्द्रवीर सिंह गांव के दलित बीडीसी सदस्य काशीराम के साथ छुट्टा गोवंशों की समस्याओं को लेकर खण्ड विकास अधिकारी से मिलने गए थे। समस्या सुनते ही बीडीओ भड़क उठे और दोनों के साथ अभद्रता की तथा मारपीट कर गाली गलौज किया। जिसके बाद इतने से मन नहीं भरा तो पूर्व प्रधान चन्द्रवीर सिंह के विरूद्ध थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया। बीडीओ का यह कोई पहला वाकया नहीं है इससे पहले भी मिलने आए कई प्रधानों के साथ अभ्र्रदता कर उन्हें अपने कार्यालय में अपमानित कर चुके है। पर लोग कानून के चाबुक के डर से अपमान का घूट पीकर उल्टे पांव लौट जाते है। वहीं यदि बात करें तो हुजूरपुर में खण्ड विकास अधिकारी अनभा श्रीवास्तव की तैनाती है। बीते दिनों इन्होंने भी समस्या लेकर कार्यालय आए एक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि से अभद्रता की। जिसके बाद उनके विरूद्ध थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। यदि ऐसे ही जारी रहा तो पयागपुर क्षेत्र मंें ऐसे अधिकारी भाजपा के लिए नासूर बन जायेगे। इस संबंध में जब खण्ड विकास अधिकारी पयागपुर दीपेन्द्र पाण्डेय के सरकारी मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके नम्बर पर काल सम्भव नहीं हो सकी।
…तो क्या पयागपुर व हुजूरपुर में भाजपा को भारी पड़ेगी प्रधानों की नाराजगी
बहराइच। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के साथ खण्ड विकास अधिकारियों की अभद्रता व अभद्र व्यवहार पयागपुर व हुजूरपुर विकास खण्डों में प्रधानों के बीच बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। अंदर ही अंदर ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा पूर्व प्रधानों के बीच बीडीओ की बेअंदाजी खटक रही है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के विरोध में भी अंदरखाने से आवाजे बुलन्द हो रही है। क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों ने बताया कि यदि इस मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों ने भी चुप्पी साध रखी तो आगामी विधानसभा चुनाव में भी एक बड़ा मुद्दा बनेगा तथा नये विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता है। ज्ञातव्य हो कि लोगों में इस बात को लेकर भी अंदर ही अंदर भारी नाराजगी है कि जनप्रतिनिधि भी इन मुद्दों पर कान में उगली लगाए बैठे है।
दलित बीडीसी की तहरीर पर पुलिस ने नहीं दर्ज किया मुकदमा
बहराइच। बीडीओ की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान चन्द्रवीर सिंह के विरूद्ध तो मुकदमा दर्ज कर लिया पर प्रधान के साथ गए दलित क्षेत्र पंचायत सदस्य काशीराम द्वारा बीडीओ दीपेन्द्र पाण्डेय के विरूद्ध मारपीट व गाली गलौज की दी गई तहरीर पर पुलिस ने अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। जबकि तहरीर सोमवार देर सायं ही थाने में दी गई थी। थाना प्रभारी करूणाकर पाण्डेय ने बताया कि अभी तक मुझे कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही वे लोग मुझसे मिले है और न ही थाने पर आए है।
: निराश्रित गोवंशों को गो आश्रय स्थलों में किया जाय संरक्षितः डीएम
Tue, Sep 10, 2024
जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करते समय विशेष सतर्कता बरती जाय
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निकायों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
बहराइच। निकायों के कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए पुरूष व महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण कराया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी निकाय समुचित साफ-सफाई, कूड़ा उठान व जल निकासी पर विशेष ध्यान दें। डीएम ने निर्देश दिया कि निकाय अन्तर्गत निराश्रित गोवंशों को गो आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाय। समस्त निकायों को निर्देश दिया गया कि निकट भविष्य में संचालित होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान के लिए बेहतर तैयारी करें ताकि जिले की रैंक प्रभावित न होने पाये। डीएम मोनिका रानी ने सुझाव दिया कि निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से सहयोग प्राप्त कर निकाय अन्तर्गत निष्प्रयोज्य सामग्री से आर्टिस्टिक मैटेरियल तैयार कर नगर के पार्कों में स्थापित किया जाय। इस कार्य से बच्चों को नवाचार के लिए प्रेरणा मिलेगी और वे घरेलू निष्प्रयोग्य सामग्री से भी सजावटी आईटम तैयार कर अपने-अपने घरों की शोभा बढ़ा सकेंगे। डीएम ने निकायों को निर्देश दिया कि नगर के प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट लाईट स्थापित की जायें। डीएम ने निर्देश दिया कि आसन्न त्यौहारों के मद्देनजर वार्डों तथा धार्मिक स्थलों के आस-पास साफ-सफाई, प्रकाश, पानी इत्यादि की माकूल व्यवस्था के साथ आवश्यकता के अनुसार मार्गों की मरम्मत भी करा दी जाय। डीएम ने निकायों को निर्देश दिया कि कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों को ग्राउण्ड पोज़िशनिंग सिस्टम से लैस कर दिया जाय ताकि वाहनों का मानीटरिंग कार्य बेहतर ढंग से हो सके। निकायों को यह भी निर्देश दिया कि पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ निकाय अन्तर्गत स्थापित सभी हैण्डपम्पों को भी क्रियाशील रखा जाय। निकायों को निर्देश दिया गया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करते समय विशेष सतर्कता बरती जाय। निकायों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा में वित्तीय एवं भौतिक प्रगति संतोषजनक न पाये जाने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर सभी अनारम्भ कार्यों को शीघ्र ही प्रारम्भ करा दिया जाय। इस अवसर पर प्रभारी निकाय/अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, पयागपुर के दिनेश कुमार, तहसीलदार मोतीपुर जगदम्बा प्रसाद चौधरी, निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।