: लेखपालों के एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारम्भ
Mon, Sep 9, 2024
बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर जनपद में नवनियुक्त 105 लेखपालों का महाराज सिंह इण्टर कालेज में आयोजित 01 वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार मौर्या, प्रशिक्षण विद्यालय के प्रधानाचार्य/तहसीलदार सदर अनिरूद्ध कुमार यादव सहित प्रशिक्षु मौजूद रहे। इस अवसर पर महाराज सिंह कालेज के शिक्षक नान बाबू पाण्डेय द्वारा मत्रोच्चार का वाचन किया। जबकि शिक्षिका शिवांगी राज द्वारा सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करती हुईं डीएम मोनिका रानी ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण अंग हैं। डीएम ने कहा कि लेखपाल का सबसे महत्वपूर्ण कार्य भूमि की पैमाईश एवं अंश निर्धारण है। गांवों में लोगों के बीच अधिकतर वाद-विवाद भूमि पैमाईश एवं अंश निर्धारण को लेकर सामने आते हैं। डीएम ने प्रशिक्षण के लिए नामित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रशिक्षुओं को भूमि पैमाईश कार्य में पूरी तरह से दक्षता प्रदान करें। डीएम ने सीआरओ को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान पैमाईश कार्य में दक्ष लेखपालों को बुलाकर प्रशिक्षुओं को भूमि पैमाईश का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिलाया जाय। डीएम ने प्रशिक्षुओं का आहवान किया कि पूर्ण मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें ताकि आप अपने पदेन उत्तरदायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर आमजन की समस्याओं का समाधान कर सकें। डीएम ने कहा कि सरकारी सेवा को मात्र सेवा तक ही सीमित न रखें बल्कि इसे लोगों की सेवा के अवसर के रूप में देखें। डीएम ने प्रशिक्षु लेखपालों को सुझाव दिया कि भू-लेख नियमावली, राजस्व संहिता के बारे में भी विधिवत जानकारी प्राप्त करें।
: दबंगों के आतंक से गांव छोड़ने को मजबूर हुआ ग्रामीण
Sun, Sep 8, 2024
पिटाई व घर से सामान लूटने के मामले में पुलिस ने लगाई फर्जी रिपोट
थाना दरगाह के सासापारा का मामला
बहराइच। दबंगों के डर से अपना घर बार छोड़कर दूसरे जगहों पर जीवन यापन करने को मजबूर है। आये दिन दबंग उसे जान से मारने की धमकी देते रहते है तथा पूर्व में भी कई बार घर में घुसकर मारापीटा व घर का सामान तोड़ दिया तथा घर से जबरन कुछ शादी के जेवरात व सिक्के लूट ले गए। पीड़ित ने पुलिस को कई बार प्रार्थना पत्र दिया पर पुलिस कार्रवाई के बजाय दबंगों से मिलकर मामले को रफा दफा करती रही। जिसका परिणाम यह हुआ कि पीड़ित अपना घर बार छोड़कर दूसरे जगहों पर रहने को मजबूर है। पीड़ित ने मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच विशेष जांच प्रकोष्ठ से कराने की मांग की है। मामला थाना दरगाह अन्तर्गत सासापारा अशोका का है। जहां निवासी नवाब अली पुत्र जुमई मेहनत मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवन यापन करता है। गांव के पांच दबंगों ने बीते जुलाई माह में उसके भाई मोहम्मद हुसैन को मार रहे थे। जब वह उसे बचाने गया तो उसकों लात, मूका, थप्पड़ से पिटाई किया। पीड़ित द्वारा मामले में बीते 15 जुलाई को थाना दरगाह शरीफ में शिकायती पत्र दिया पर पुलिस ने बगैर जांच व कार्रवाई के फर्जी रिपोट लगा दी। दबंग पीड़ित के दरवाजे पर जबरन दीवार उठाते है तथा उसके घर से शीशम पटरा, चारपाई व चारपाई के पावे व शीशम की कड़ी पुनः उठा ले गए। जिसके बाद दबंगों का मन नहीं भरा तो संदूक में रखे बीस हजार रूपये, मां के जेवरात, हाथ की टेड़िया व चांदी के 15 सिक्के पुनः उठा ले गए। बावजूद इसके एक अन्य घटना में दबंगों ने पीड़ित के घर से बोरे में रखे फूल के बर्तन भी चोरी कर ले गए। इन सभी घटनाओं में पीड़ित नवाब अली लगातार थाना दरगाह में प्रार्थना पत्र देता रहा व कार्रवाई की मांग करता रहा। बावजूद इसके पुलिस ने दबंगों से मिलकर न तो कोई कार्रवाई की, उल्टे सभी शिकायत पत्रों में फर्जी रिपोट लगाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी। कार्रवाई न होने के चलते हौसला बुलन्द दबंगों ने नवाब को धमकी दिया कि यदि गांव में दिख गए तो मार कर फेंक देगे। जिसके बाद से पीड़ित गांव छोड़कर इधर उधर भटक रहा है। पीड़ित द्वारा मामले में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि मामले की जांच विशेष जांच प्रकोष्ठ से कराकर दबंगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया जाये। जिससे उसकों न्याय मिल सके। मामले में थाना प्रभारी दरगाह हरेन्द्र मिश्र के मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे बात न हो सकी।
: लूट का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त डण्डा व लूट के 20,600 रूपये बरामद
Sun, Sep 8, 2024
जरवलरोड, बहराइच। बीते दिनों बीसी संचालक पर हमला कर रुपए लूटने वाला दूसरा आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया हैं। लूट में प्रयुक्त डंडे व लूटे गए नगदी के साथ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीते 29 अगस्त गुरुवार की रात जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत आदमपुर गांव निवासी रहमत अली पुत्र इब्राहिम झुकिया चौराहे पर संचालित पंजाब नेशनल बैंक की बीसी को बंद कर अपने घर जा रहे थे तभी झुकिया व आदमपुर ईदगाह के बीच असलहे से लैस बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने बीसी संचालक का पीछा कर हमला कर लहूलुहान कर दिया था और बैग में रखा सवा तीन लाख कैश लूट कर फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बृंदा शुक्ला ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे। रविवार को जरवलरोड थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक अनिरुद्ध यादव, उप निरीक्षक रंजीत भारती, आदित्य कुमार व हेड कांस्टेबल रंजय लाल साहनी, प्रदीप सिंह कांस्टेबल, दिग्विजय यादव ने लूट में शामिल दूसरे आरोपी को जिला बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुर खाला अंतर्गत लोनियन पुरवा निवासी मंगल पुत्र सकटू को लूट में प्रयुक्त डंडे व लूटे गए 20,600 रुपए के साथ जरवलरोड थाना क्षेत्र में झुकिया ओवर ब्रिज के पास गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
पांच दिन पूर्व पहले आरोपी को पुलिस ने भेजा था जेल
जरवलरोड, बहराइच। इससे पहले बीते मंगलवार को जरवलरोड थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक अनुरुद्ध यादव, उप निरीक्षक रंजीत भारती, प्रमोद कुमार यादव, आदित्य कुमार, आरक्षी रंजय लाल साहनी धीरेंद्र कुमार यादव, राहुल यादव व सारांश वालीं टीम ने लूट में शामिल प्रवेश पुत्र राम आधार मौर्य निवासी गोवा मझारा थाना मोहम्मदपुर खाला जनपद बाराबंकी को जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री मंदिर के पास से गिरफ्तार किया था। जिसके पास से दो बाइक और लूट के 9500 रुपए नगद बरामद हुआ था।