12वें अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का हुआ शुभारंभ : महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर आयोजित हुआ योगाभ्यास कार्यक्रम
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jun 15, 2026
बहराइच। चित्तौरा झील के तट पर स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल परिसर में रविवार को ‘‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’’ थीम पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख शिवम जायसवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच श्रीमती प्रमिता सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी यूसुफ अली अंसारी, डॉ. विजय गौतम, डॉ. पियूष नायक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रभात कुमार मिश्र, डॉ. आकांक्षा पाठक एवं डॉ. आशीष द्वारा भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान मास्टर योग प्रशिक्षकों के नेतृत्व में उपस्थित लोगों को योग प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, कटि चक्रासन, पादहस्तासन, भुजंगासन, शलभासन, उष्ट्रासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन तथा शवासन का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम ने कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन