16 नवम्बर से जनपद में प्रारम्भ होगा जनगणना का द्वितीय चरण : परिवार के प्रत्येक सदस्य से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार पूछे जाएंगे 40 प्रश्न
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Nov 12, 2026
बहराइच। जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर से 04 जनवरी तक जनसंख्या की गणना एवं 05 जनवरी से 09 जनवरी तक पुनरीक्षण दौर का संचालन किया जाना है। जनगणना के कार्य को जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न कराने, स्व-गणना के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने तथा जनगणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन सहभागिता सुनिश्चित के उद्देश्य से उत्थान आडिटोरियम में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या एवं उससे संबंधित आवश्यक आँकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आँकड़ों का उपयोग देश की नीतियों, योजनाओं एवं विकास संबंधी निर्णयों के निर्माण में किया जाता है। जनगणना के द्वितीय चरण में स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में परिवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसंबर से 04 जनवरी तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। बेघर व्यक्तियों की गणना 04 जनवरी की शाम को की जाएगी। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जनसंख्या गणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्न पूछे जाएँगे। इन प्रश्नों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी संकलित की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील है कि वे स्व-गणना में भाग लें तथा घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक प्रश्न का सही एवं पूर्ण उत्तर दें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जनगणना से प्राप्त सटीक आँकड़े देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
विज्ञापन
विज्ञापन