भेड़िये के हमले में तीन घायल : नहीं थम रहा है भेड़ियें का आतंक, आए दिन हो रही घटनाओं में इजाफा
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Sep 14, 2025
कैसरगंज, बहराइच। तहसील क्षेत्र के मंझारा तोकली में भेड़िए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार दोपहर में भेड़िए ने एक वृद्ध महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसका इलाज चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के सतर्कता के बावजूद भेड़िया लगातार हमला कर रहा है। जिससे ग्रामीण काफी सहमें हुए हैं। रविवार दोपहर लगभग 2 बजे आदमखोर भेड़िया ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। केसरवा गांव निवासिनी महिला अपने घर में बैठी थी तभी अचानक यहां आए आदमखोर भेडिया ने उसे पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर गांव के अन्य लोग आ गए। जिसे देखकर भेड़िया वहां से भाग खड़ा हुआ। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मझारा तौकली में शनिवार देर रात्रि भेड़िए ने दो लोगों पर हमला कर दिया। नरेशपुरवा में सियार्थी नाम की महिला अपने घर के बरामदे में लेटी हुई थी। रात्रि करीब एक बजे भेड़िए ने उस पर हमला कर दिया। महिला की चीख पुकार सुनकर जागे परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर भेड़िए को भगा दिया। हमले में महिला का हाथ घायल हो गया। इसी इलाके के हरीरामपुरवा में दूसरी घटना हुई। यहां मदन नाम के व्यक्ति पर भेड़िए ने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी। पिछले चार दिनों में भेड़िए के हमलें में दो बच्चों की मौत हो चुकी है और तीन लोग घायल हुए है। वन विभाग व स्थानीय ग्रामीण रात जागकर पहरा दे रहे है। लेकिन भेड़िए को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। लगातार हो रहे हमलों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन
विज्ञापन