डीएम ने विद्यार्थियों को दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी : महाराज सिंह इण्टर कॉलेज में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 13, 2026
बहराइच। ‘‘जागो रे जागो मतदाता’’ अर्हता तिथि 01 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले जनपद के सभी अर्ह नागरिकों तथा छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अन्तर्गत महाराज सिंह इण्टर कालेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा पहुंचकर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व निबंध प्रतियोगिता का जायजा लिया। उन्होनें छात्रों से संवाद करते हुए लोकतन्त्र के महत्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज करने तथा लोकतन्त्र के महापर्व निर्वाचन में सहभागिता के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। विद्यार्थियों को प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के उपयोग के बारे में विस्तारर्पूक जानकारी प्रदान की गई। जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी समयसारिणी के अनुसार 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक दावे और आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। 01 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हों, ऐसे नागरिक आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप-6 भरकर सम्बन्धित बूथ लेबिल आफिसर/कार्यालय निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में जमा कर सकते हैं अथवा आयोग के ऐप ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से भी सबमिट किये जा सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन