सरस्वती नगर में सड़क निर्माण ठप, 18 माह से इंतजार में वार्डवासी : वार्ड के लोगों ने डूडा पर जताई नाराजगी
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Sep 12, 2025
रूपईडीहा, बहराइच। भारत नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत रूपईडीहा के वार्ड नंबर 15 सरस्वती नगर में डूडा विभाग की लापरवाही से वार्डवासी परेशान हैं। करीब 18 महीने पहले डूडा ने यहां तीन सड़कों की नापी की थी, लेकिन आज तक उनका निर्माण शुरू नहीं हो सका। बरसात में कच्ची सड़कों पर जलभराव और कीचड़ से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत होती है। दो दिन पहले वार्ड के रामकिशुन पुत्र जानकी सोनी कीचड़ में फिसलकर घायल हो गए। उनके परिजनों ने इलाज पर एक लाख रुपए से अधिक खर्च किया है। अब सवाल उठा रहे हैं कि इस खर्च की भरपाई कौन करेगा। वार्ड के लोगों ने डूडा विभाग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि विभाग सड़क नहीं बना सकता तो इसे रद्द करे ताकि नगर पंचायत प्रस्ताव भेजकर निर्माण कार्य करा सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। वार्ड के सभासद प्रतिनिधि रईस अहमद ने भी यही मांग दोहराई है, जबकि नगर पंचायत रूपईडीहा के चेयरमैन प्रतिनिधि अश्विनी वैश्य ने स्पष्ट किया कि जब तक डूडा योजना रद्द नहीं करता, तब तक नया प्रस्ताव नहीं भेजा जा सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन