मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत बूथों पर लगे कैंप : मतदाताओं की उमड़ी भी
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 17, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। भारत नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत रुपईडीहा में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर कैंप लगाए गए। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर मतदाताओं से संबंधित कार्यों का निस्तारण करते दिखाई दिए। अभियान के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए प्रारूप-6 भरवाया गया। वहीं मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता सूची में नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्रारूप-8 के आवेदन भरवाए गए। नगर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय रुपईडीहा स्थित बूथ पर बीएलओ मोइनुद्दीन तथा इजरायल के बूथ पर मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। कैंप में पहुंचे लोगों ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया। मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार से जोड़ने और सूची में त्रुटियों को दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन