जरवल में पुलिस व पीएसी जवानों ने किया फ्लैग मार्च : असामाजिक तत्वों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 17, 2026
जरवलरोड, बहराइच। आगामी त्यौहारों दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पंचायत जरवल में पुलिस प्रशासन द्वारा पीएसी बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। इस पैदल मार्च की अगुवाई जरवलरोड प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, जरवल चौकी प्रभारी राकेश पांडे तथा उप निरीक्षक आदित्य कुमार ने संयुक्त रूप से की। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी के जवान मौजूद रहे। पैदल मार्च नगर पंचायत जरवल के मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। प्रभारेी निरीक्षक संतोष सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग मचाने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
विज्ञापन
विज्ञापन