रिश्तेदारी से घर लौट रहे युवक व परिजनों को दबंगों ने पीटा : पीड़ित की तहरीर पर विशेश्वरगंज पुलिस ने दर्ज किया मामला
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jun 26, 2025
बहराइच। रिश्तेदारी से परिवार समेत घर लौट रहे युवक पर रास्ते में दबंगों ने पहले तो बाइक भिड़ा दी। विरोध करने पर युवक व उसके चचेरे भाई तथा अन्य परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। पीडित द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि जनपद गोण्डा के थाना कौड़िया अन्तर्गत बिछुड़ी निवासी राजकुमार तिवारी पुत्र पवन कुमार तिवारी परिवार समेत अपने रिश्तेदारी में थाना विशेश्वरगंज अन्तर्गत बभनपुरवा गए हुए थे। बुधवार रात्रि करीब 9ः30 बजे के आसपास राजकुमार अपने चचेरे भाई शुभम तिवारी, बहन राधा तिवारी, माता किरन तिवारी व बड़ी मां शशि तिवारी पत्नी लल्लू तिवारी समेत दो बाइकों से अपने घर बिछुड़ी लौट रहे थे। रास्ते में थाना विशेश्वरगंज अन्तर्गत देवानपुरवा मरौटिया के निकट जैसे ही सभी पहुंचे तभी राजन पुत्र कृष्ण कुमार गिरि व उनके दो अन्य साथी लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार बाइक यूपी 40 ए क्यू 7516 चलाते हुए उनकी बाइक में ठोकर मार दिया। जिससे पवन की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। जब उसने विरोध जताया और गाड़ी बनवाने की बात कही तो राजन पुत्र कृष्ण कुमार गिरि निवासी विशेश्वरगंज ने फोन करके शुभम पुत्र सुशील गोस्वामी व राहुल पुत्र अज्ञात निवासी मरौटिया सहित आधा दर्जन अन्य दबंगों को भी बुला लिया तथा इन लोगों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दबंगों ने राजकुमार उनकी बहन राधा तिवारी, चचेरे भाई शुभम तिवारी, माता किरन तिवारी, बड़ी मां शशि तिवारी को लात घूसा व थप्पड़ों से पीट दिया तथा उनकी माता जी के कपड़े भी फाड़ दिए। दबंगों के मारपीट में पवन की माता किरन की चैन व बड़ी मां का मंगलसूत्र भी गिर गया। दबंगों द्वारा पीड़ित की बाइकें भी ईटों से क्षतिग्रस्त कर दी गई। दबंग जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित द्वारा घटना की तहरीर थाना विशेश्वरगंज में दी गई। जिस पर पुलिस ने मुअसं. 199/25 धारा 191 (2), 281, 115 (2), 352, 351 (3), 324 (2) के तहत राजन पुत्र कृष्ण कुमार गिरि निवासी विशेश्वरगंज शुभम पुत्र सुशील गोस्वामी निवासी मरौटिया, राहुल पुत्र अज्ञात निवासी मरौटिया सहित आठ अन्य अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का कहना है कि घटना के चलते वह और उसका परिवार डरा सहमा है। पीड़ित द्वारा पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन