: बगैर एनओसी दुबई गये ग्राम विकास अधिकारी हुए निलम्बित
Admin
Mon, Jul 29, 2024
बुर्ज खलीफा के सामने सेल्फी लेकर किया था सोशल मीडिया पर पोस्ट
बहराइच। विभाग से बगैर एनओसी लिए दुबई गये ग्राम विकास अधिकारी को जांच के बाद निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब हो कि विकास खण्ड शिवपुर में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर मो. अकदास की तैनाती थी। उन्होंने परीक्षा का हवाला देकर विभाग से अवकाश स्वीकृत कराया था। परन्तु उक्त अवकाश अवधि में विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त किये बगैर मो. अकदास दुबई की सैर पर चले गये थे। उन्होंने वहां के प्रसिद्ध बुर्ज खलीफा के सामने सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। अखबारों में इस सम्बन्ध में खबर प्रकाशित होने पर जिलाधिकारी मोनिका रानी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी रम्या आर को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे। सीडीओ के निर्देश पर प्रकरण की जांच जिला विकास अधिकारी राज कुमार ने की थी। उनके कार्यालय द्वारा बीते 26 जून को कारण बताओ नोटिस जारी कर ग्राम विकास अधिकारी मोहम्मद अकदास से एक सप्ताह के अन्दर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे। ग्राम विकास अधिकारी द्वारा 03 जुलाई को प्रस्तुत किये गये स्पष्टीकरण के सन्तोषजनक न पाये जाने तथा उच्चाधिकारियों को गुमराह करके परीक्षा अवकाश लेकर विभागीय अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त किये बगैर विदेश जाने का आरोप तय करते हुए ग्राम विकास अधिकारी मो. अकदास के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करते हुए तात्कालिक प्रभाव से निलम्बित कर विकास खण्ड नवाबगंज से सम्बद्ध कर दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन