कांग्रेस के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव गिरफ्तार : विजिलेंस ने लखनऊ से किया गिरफ्तार
Kunwar Diwakar Singh
Wed, Jun 10, 2026
बहराइच। पयागपुर के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव यूपी के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा नाम हुआ करता था। सीएमओ हों या डॉक्टर और बाबू, सबकी ट्रांसफर-पोस्टिंग में उनका सिक्का चलता था। स्वास्थ्य विभाग के नेताओं से लेकर अफसर तक सबके घर के किचन तक मुकेश श्रीवास्तव की डायरेक्ट एंट्री थी। लेकिन जब सरकार की नजरें टेढ़ी हुईं तो सबने किनारा कर लिया। पयागपुर विधानसभा सीट से विधायक रहे मुकेश श्रीवास्तव इससे पहले भी एनआरएचएम घोटाले में कई महीने जेल में रह चुके है। मुकेश श्रीवास्तव पर राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कथित चिकित्सा, स्वास्थ्य घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच चल रही है। हाल ही में विजिलेंस ने श्रावस्ती और बहराइच जिले में मिशन कार्यों में कथित अनियमितताओं के मामले में पूर्व विधायक समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। बुधवार दोपहर विजिलेंस टीम ने लखनऊ के वेव मॉल से उनको गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की टीम पूर्व विधायक को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची जहां जेल भेजने से पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराया। पूर्व विधायक पर 2014 से 2019 के बीच वित्तीय अनियमितताओं का आरोप है। बिना काम कराए या आंशिक काम कराकर पूरा भुगतान लेने का भी आरोप है। तत्कालीन सीएमओ समेत कई अधिकारी-कर्मचारी भी आरोपी है।
विज्ञापन
विज्ञापन