एसपी से गुहार के बावजूद भी सप्ताह भर बाद भी चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं : मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रहे पीड़ित, कोतवाली देहात के शिवपुरा का मामला
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jun 30, 2025
बहराइच। सप्ताह भर पूर्व गांव के एक घर व एक दुकान में चोरों ने घुसकर लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने सोन, चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। दोनों पीड़ितों द्वारा घटना की तहरीर पुलिस को दी गई। मुकदमा न दर्ज होने पर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से भी गुहार लगाई। सप्ताह भर बीत गए पर आज तक पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। अब पुलिस पीड़ितों से कह रही है कि कह दो कि हमारे यहां चोरी हुई ही नहीं। पुलिस की यह बातें सुन पीड़ित अब इधर-उधर मुकदमा लिखाने के लिए भागे फिर रहे है। गौरतलब हो कि थाना कोतवाली देहात अन्तर्गत शिवपुरा में बीते 22/23 जून की रात्रि चोरों ने गांव के दो लोगों शिवपाल सिंह पुत्र उदयराज सिंह व शेष कुमार अवस्थी पुत्र कन्हैया लाल अवस्थी के यहां चोरी की घटना को अंजाम दिया था। शिवपाल के यहां से चोर 80 हजार रूपये नगद, सोने का झाला, कान का बाला, चांदी की पायल, सोने की माला, दो जोड़ी चांदी की पायल, तीन जोड़ी चांदी का कठुआ व एक सैमसग मोबाइल चोरी कर लिया था। वहीं शेषकुमार अवस्थी की दुकान से चोरो ने पांच बोरी चीनी, एक बोरी अरहर की दाल, इलेक्ट्रानिक कांटा, दो बोरी आटा, एक बोरी मैदा, आठ गत्ता रिफाइन्ड, गुटखों के थैले, बीस हजार रूपये नगदी व एक लैपटाप चोरी कर लिया था। पीड़ितों द्वारा घटना की तहरीर टिकोरा मोड़ पुलिस चौकी को दे दी गई थी पर मुकदमा दर्ज न होने पर बीते 26 जून को दोनों पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर मुकदमा दर्ज करने व सामान बरामदगी की मांग की थी पर आज तक न तो मुकदमा दर्ज हुआ न ही कोई कार्रवाई हुई। पुलिस अब उल्टे पीड़ितों से यह कह रही है कि लिखकर दे दो कि हमारे यहां चोरी ही नहीं हुई है। अब ऐसे में पीड़ित अपने आप को ठगा महसूस कर रहे है और वे इधर-उधर मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटक रहे है। मामले में कोतवाली देहात पुलिस से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया पर नेटवर्क की समस्या के चलते बात न हो सकी।
विज्ञापन
विज्ञापन