टीका उत्सव कार्यक्रम के लिए ब्लॉक अधीक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न : दिसंबर माह में जिलेभर में चलेगा टीकाकरण महा अभियान
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Nov 29, 2025
बहराइच। बच्चों को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के सभी ब्लॉक अधीक्षकों को सीएमओ सभागार में “टीका उत्सव कार्यक्रम” के लिए प्रशिक्षित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न इस एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का लक्ष्य आगामी दिसंबर माह में जिलेभर में प्रस्तावित टीकाकरण महाअभियान को प्रभावी और सफलतापूर्वक लागू करना है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि दिसंबर पूरे माह “टीका उत्सव” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवधि में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी ड्यू और छूटे हुए बच्चों की पहचान कर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करेंगी। प्रत्येक टीकाकरण सत्र को थीम आधारित ढंग से सजाया जाएगा तथा लाभार्थियों को एक दिन पहले व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर माता-पिता को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करें, जबकि क्षेत्रीय कार्यकर्ता बच्चों की आईडी और मोबाइल नंबर के साथ यूविन पोर्टल पर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि डेटा अद्यतन और टीकाकरण की जानकारी सटीक बनी रहे। साथ ही उन्होंने सभी अधीक्षकों को निर्देशित किया कि प्रसव केंद्रों पर जन्म लेने वाले प्रत्येक शिशु की बर्थ डोज बिना विलंब के यूविन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि जिले का संकल्प यह है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण के अपने अधिकार से वंचित न रहे। यदि कोई बच्चा पोर्टल पर पंजीकृत न भी हो, तो भी उसे सभी आवश्यक टीके व सेवाएँ प्रदान की जाएँगी। टीकाकरण सत्र के दौरान अन्य स्वास्थ्य सेवाएँ पूर्ववत जारी रहेंगी तथा सत्रों का शुभारंभ स्थानीय प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इस अवसर पर सभी ब्लॉक अधीक्षक सहित डीएचईआईओ बृजेश सिंह, एआरओ मुशर्रफ सिद्दीकी, डीपीएम सरजू खान, डीसीपीएम मो. राशिद तथा सहयोगी संस्थाओं जेएसआई, यूएनडीपी, यूनिसेफ और डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन