: ट्रेन से कटकर अज्ञात बुजुर्ग महिला की मौत
Admin
Sun, Oct 6, 2024जरवलरोड, बहराइच। थाना क्षेत्र में गोंडा-लखनऊ रेल प्रखण्ड पर ट्रेन से कटकर अज्ञात बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वीडियो ग्राफी के बाद मर्च्युरी में रखवा दिया है। जरवलरोड थाना प्रभारी बृजराज प्रसाद ने बताया शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे स्टेशन अधीक्षक घाघराघाट के द्वारा सूचना दी गई कि घाघराघाट पुल से 150 मीटर पहले एक अज्ञात महिला उम्र करीब 60 वर्ष का ट्रेन से कटा हुआ डाउन लाइन के पास शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर आरपीएफ उप निरीक्षक अजय प्रताप सिंह की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही करते हुए अज्ञात महिला के शव की पहचान हेतु प्रयास किया गया लेकिन पहचान नहीं हो सकी हैं। शव को 72 घण्टे सुरक्षित रखने हेतु मर्च्युरी हाउस बहराइच भेज दिया है। अज्ञात महिला की पहचान हेतु सोशल मीडिया, पम्पलेट आदि के माध्यम से पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनेश कुमार बने कोतवाली नगर प्रभारी
बहराइच। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त दुरूस्त बनाये रखने के उद्देश्य से निरीक्षक अपराध थाना रूपईडीहा दिनेश कुमार पाण्डेय को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बनाया है।
स्कूल की खिड़की तोड़कर खाद्यान खा गया हाथी
बिछिया, बहराइच। कतर्नियाघाट इलाके में जंगली हाथियों का उत्पात बढ़ गया है। टस्कर हाथी ने सिचाई कालोनी में घुसकर सरकारी स्कूल की खिड़की तोड़कर कक्ष में रखे सारे राशन को चट कर दिया है। कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत सिचाई कालोनी गिरिजापुरी में शनिवार की रात को जंगली टस्कर हाथी ने दस्तक दे दी। टस्कर ने कालोनी में स्थित सरकारी स्कूल प्राथमिक विद्यालय की दो खिड़कियों को तोड़ दिया और कक्ष में रखे मिड डे-मील के सारे राशन को चट कर गया। सुबह विद्यालय स्टाफ द्वारा सूचना रेंजर रामकुमार को दी गई। जिनके द्वारा गजमित्रों की टीम को भेजकर मामले की पुष्टि कराई गई साथ ही लोगों को सतर्क रहने को कहा गया। इस दौरान बीट इंचार्ज वन रक्षक अकील अहमद, डब्ल्यू डब्ल्यू एफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन व गजमित्रों की टीम मौजूद रही।
बर्तन व्यापारी से हुई टप्पे बाजी में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
नानपारा, बहराइच। तगादा वसूल कर लौट रहे बर्तन व्यापारी से हुई टप्पेबाजी में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मुअसं. 486/24 धारा 303 (2 ) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। गौरतलब हो कि कोतवाली नगर के मोहल्ला चांदपुरा निवासी एजाज अहमद पुत्र सईद अहमद गैस चूल्हा और प्रेशर कुकर के थोक व्यापारी हैं। वह गैस चूल्हा और प्रेशर कुकर की बिक्री करते हैं। इसके बाद रूपये की वसूली करते हैं।
शनिवार शाम को वह चार पहिया वाहन से रूपईडीहा, बाबागंज समेत अन्य क्षेत्र में तगादा के वसूली के लिए गए। इसके बाद वह शाम को वापस आ रहे थे। शाम 7.30 बजे के आसपास वह नानपारा इमामगंज बाईपास मार्ग पर पहुंचे। इसके बाद वह वाहन से उतरकर एक होटल पर रुक कर चाय पीने लगे। तभी एक युवक आया और नकदी भरा बैग लेकर फरार हो गया। व्यापारी ने बताया कि पांच लाख रुपये बैग में थे। कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन