: अमर शहीद जवानों को श्रद्धा समुन अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
Admin
Mon, Oct 21, 2024
बहराइच। ’“पुलिस स्मृति दिवस”’ के अवसर पर पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला व पुलिस के अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में अमर शहीदों जिन्होंने नागरिको की सुरक्षा व राष्ट्र सेवा हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणो की आहुति दी, ऐसे शहीद वीर जवानो को शत-शत् नमन करते हुए श्रद्धा-सुमन, पुष्प चक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि हमें गर्व है कि आज हम पुलिस विभाग में वर्दी पहनकर देश की सेवा कर रहे हैं। जिसमें कदम कदम पर जोखिम सन्निहित है, यही कारण है कि अपने कार्यों को अंजाम देने की प्रक्रिया में पुलिस बल बड़ी संख्या में कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राणों की आहुति देते रहते हैं। अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा के उच्च आदर्श की प्राप्ति में अपने प्राणों की परवाह न करने वाले पुलिसजन मरकर भी अमर हो जाते हैं, इनकी कीर्ति व यशगाथा समय के साथ क्षणिक नहीं होती अपितु अविरल अनुप्राणित करती रहती है। पुलिस की भावी संततियों को उसी पथ पर द्विगुणित साहस व मनोयोग से आगे बढ़ने के लिए ऐसी एक गाथा आज से 65 वर्ष पुरानी है। भारत की उत्तरी सीमा लद्दाख का जनहीन क्षेत्र 15 हजार फीट ऊंची बर्फ से ढके पर्वतों, दर्रों के बीच जहाँ पर सामान्य नागरिक सुविधाओं के उपलब्ध होने की कल्पना तक नहीं की जा सकती वहाँ सदैव की भांति उस दिन भी देश की सीमा के सजग प्रहरी केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान गश्त पर निकले थे। स्वचालित राइफल व मोटार्स से लैस चीनी सैनिकों द्वारा छल पूर्वक हमारे क्षेत्र में घात लगाकर अचानक गश्ती बल पर हमला किया गया। अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए पुलिस बल की टुकड़ी ने चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला किया। अप्रतिम वीरता का परिचय देते हुए सीआरपीएफ के जवानों ने अपने प्राण की आहूति दी। इन्ही अमर वीर जवानों के याद में प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। 01 सितम्बर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक सम्पूर्ण भारत वर्ष में कर्तव्य की वेदी पर 216 पुलिसजन ने अपने प्राण न्यौछावर किए। इनमें उ.प्र. पुलिस के 02 पुलिसजन आरक्षी रोहित कुमार व आरक्षी सचिन राठी सम्मिलित है। आरक्षी स्व. रोहित कुमार थाना नवाबगंज, जनपद फतेहगढ़ में तैनात होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। 08 जून 2024 को ग्राम नगला चंदन में अवैध खनन की सूचना पर पुलिस टीम के साथ उन्होंने कार्रवाई की। अवैध खनन को रोकने के प्रयास में आरक्षी रोहित कुमार ने ट्रैक्टर और जेसीबी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने उन्हें तेजी से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया और बेहतर इलाज के लिए सिटी हॉस्पिटल, फर्रुखाबाद ले जाया गया। जहां 09 जून 2024 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। आरक्षी रोहित कुमार ने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए वीरगति प्राप्त की। साथ ही आरक्षी स्व. सचिन राठी थाना छिबरामऊ जनपद कन्नौज में तैनात थे और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। 25 दिसम्बर 2023 को न्यायालय स्पेशल जज कन्नौज द्वारा अभियुक्त अशोक कुमार निवासी नगरिया, थाना विशुनगढ़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आदेश का पालन करते हुए आरक्षी सचिन राठी पुलिस टीम के साथ ग्राम नगरिया पहुंचे। वहां अभियुक्त अशोक कुमार उर्फ मनुआ, उनके बेटे टिंकू और पत्नी श्यामा देवी ने पुलिस पार्टी पर बंदूक और तमंचे से अंधाधुंध फायरिंग की। इस फायरिंग में आरक्षी सचिन राठी को गोली लग गई। उन्हें इलाज के लिए रिजेंसी अस्पताल, कानपुर नगर ले जाया गया। जहां 26 दिसम्बर 2023 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। आरक्षी सचिन राठी ने भी अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। जिन जवानों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है, उनके बलिदान को भुला नहीं सकता। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक भुवनेश्वर सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन