: स्वतंत्रता सेनानी राम गोपाल अग्रवाल को दी गई श्रद्धांजलि
Admin
Sun, Mar 3, 2024
सेनानी भवन पर एकत्रित हुए सेनानी उत्तराधिकारी
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में पूरे देश में चल रहे स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों की तरफ से प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को सुबह दस बजे दस मिनट अपने पूर्वजों स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों को श्रद्धांजलि/पुष्पांजलि अर्पण करने के क्रम में 03 मार्च को शहर के महान स्वतंत्रता सेनानी श्रद्धेय राम गोपाल अग्रवाल की प्रतिमा पर कार्यक्रम सम्पादित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के शहर अध्यक्ष राजू मिश्र ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी राम गोपाल अग्रवाल का जन्म 23.10.1920 को बहराइच शहर के मोहल्ला छावनी में छोटे लाल मारवाड़ी के यहां हुआ था। 1937 में नेहरू जी के बहराइच दौरे पर बहराइच के अग्रिम पंक्ति के सेनानी श्रद्धेय पंडित भगवान दीन मिश्र वैद्य की प्रेरणा से उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली और अंग्रेजी साम्राज्य के विरुद्ध संघर्ष में जुट गए। संगठन संरक्षक अनिल त्रिपाठी एडवोकेट ने कहा कि 31 जनवरी 1941 को मटेरा बाजार में सत्याग्रह आन्दोलन के दौरान श्रद्धेय अग्रवाल को ब्रिटिश पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनको धारा 38/5 डीआईआर के तहत एक वर्ष की कैद और 100 रूपए जुर्माना हुआ था। जेलयात्रा के दौरान वो अपने एवं अन्य साथी स्वतंत्रता सेनानियों को भोजन आदि की व्यवस्था सुचारू रूप से करते थे। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि 30 अप्रैल 1974 को उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के लिए शासन-प्रशासन से सहयोग प्राप्त कराने के उद्देश्य से जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद की स्थापना कराने में महती भूमिका निभाई। कचेहरी रोड स्थित शहीद स्मारक पर जनपद बहराइच के गांधी कहे जाने वाले पंडित भगवान दीन मिश्र वैद्य जी की प्रतिमा उन्हीं के प्रयास से 1980-81 में स्थापित हुई। अन्त में श्रद्धेय राम गोपाल अग्रवाल द्वारा सेनानी भवन निर्माण में अथक प्रयास और जीवन पर्यन्त सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के कल्याण में लगे रहने के प्रति सद्भावना प्रकट करते हुए उनके सद्विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम समाप्त किया गया। इस अवसर पर श्रीमती फूलमती देवी, बदलूराम गौतम, शिव नारायण सहित कई सेनानी उत्तराधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन