मेडिकल कालेज में इमरजेंसी आईसीयू, एंडोस्कोपी और टीएमटी मशीन की शुरुआत : आईसीयू, एंडोस्कोपी और टीएमटी मशीन से उपचार अधिक प्रभावी और त्वरित होगा
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Aug 26, 2025
बहराइच। बहराइच मेडिकल कालेज को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का तोहफा मिला है। सोमवार को कालेज परिसर में इमरजेंसी आईसीयू, फुजीफिल्म एंडोस्कोपी मशीन और ट्रेडमिल टेस्ट (टीएमटी) मशीन का उद्घाटन किया गया। प्राचार्य डा. संजय खत्री व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एम.एम.एम. त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से इन सुविधाओं का शुभारंभ किया। मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि नए इमरजेंसी आईसीयू में 10 बेड की व्यवस्था है, जिसमें 5 बेड वेंटिलेटर से लैस हैं। यह सुविधा गंभीर मरीजों को तत्काल और उन्नत उपचार प्रदान करेगी। फुजीफिल्म एंडोस्कोपी मशीन से पाचन तंत्र की समस्याओं जैसे अल्सर, कैंसर और गैस्ट्रिक रोगों का सटीक निदान हो सकेगा। टीएमटी मशीन के जरिए हृदय रोगों की जांच होगी, जिससे हृदयाघात की आशंका का समय पर पता लगाया जा सकेगा। यह सुविधाएं न सिर्फ बहराइच, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी वरदान साबित होंगी। अब मरीजों को जांच और उपचार के लिए लखनऊ या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। प्राचार्य डॉ. संजय खत्री ने कहा, “इन आधुनिक सुविधाओं से मेडिकल कॉलेज की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब मरीजों को यहीं उच्चस्तरीय उपचार मिलेगा।” सीएमएस डॉ. एम.एम.एम. त्रिपाठी ने बताया, “आईसीयू, एंडोस्कोपी और टीएमटी मशीन से उपचार अधिक प्रभावी और त्वरित होगा। ”मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने कहा, “मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर यह सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह बहराइच की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऐतिहासिक कदम है।” इस अवसर पर उप-प्राचार्य डॉ. मलिक, डॉ. मितलेश, डॉ. अनूप, डॉ. अमित, डॉ. अरविंद शुक्ला, डॉ. कुरील, डॉ. राजेन्द्र शुक्ला, डॉ. एम.एम. खान, अस्पताल प्रबंधक रिवान सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन