सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण पर चला प्रशासन का हंटर : टीन शेड और अस्थाई दुकानों को हटाया गया
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Nov 3, 2025
रुपईडीहा, बहराइच। भारत नेपाल सीमा पर स्थित नगर पंचायत रुपईडीहा में सोमवार को प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जो रुपईडीहा थाने से लेकर सेंट्रल बैंक चौराहे तक चला। जहां सड़क के दोनों ओर बने नाले पर या उसके आगे किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। हालांकि ये कार्यवाही सिर्फ कुछ दूरी तक ही सीमित रही। इस सफाई अभियान की रूपरेखा उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी ने तैयार किया था। उनके द्वारा बनाई गई टीम जिसमें नायब तहसीलदार रिसिया अक्षय पांडे, नायब तहसीलदार शिवपुर मथुरा प्रसाद, एनएच-927 के अभियंता विपुल श्रीवास्तव और अनंत मौर्य, पीडब्ल्यूडी के एई कमलेश कुमार, लेखपाल करुणेश त्रिपाठी, नगर पंचायत रुपईडीहा के अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव, बाबू गंगा प्रसाद तथा सुपरवाइजर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक राहुल सरोज के नेतृत्व में रूपईडीहा पुलिस टीम के साथ ये कार्यवाही संपन्न कराई गई। अभियान के दौरान एनएच-927 पर नाले के ऊपर या उसके आगे बनाए गए टीन शेड और अस्थाई दुकानों को हटाया गया। कई स्थानों पर दुकान के आगे अतिरिक्त मिट्टी पटान की गई थी उसको भी समतल किया गया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे व सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन