: मदनी इंटर कालेज में तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण का समापन
Admin
Sat, Oct 14, 2023
आपदा से तत्काल निपटने की दी गई जानकारियां
कैसरगंज, बहराइच। स्थानीय मदनी इंटर कालेज में भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में आयोजित प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का समापन शनिवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कैसरगंज आनन्द कुमार यादव, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी दाता राम मौर्या रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक हाजी रईस अहमद कासमी ने किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन आयुक्त स्काउट कल्लन इदरीसी ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा.अरशद रईस ने मुख्य अतिथि, विशिष्ठ अतिथि एवं प्रबन्धक को माला पहनाकर स्वागत किया साथ ही साथ अंग वस्त्र भेंट किया। सभी अतिथियों ने बच्चों के द्वारा बनाए गए टेंट एवं हस्त निर्मित चीजों का निरीक्षण किया एवं उत्साह वर्धन किया। मुख्य अतिथि विधायक कैसरगंज आनन्द कुमार यादव ने बच्चों को अनुशासन का महत्व बताया। बच्चो द्वारा बनाए गए टेंट, हस्त निर्मित चीजों एवं बिना बर्तन के बने स्वादिष्ट भोजन को देख कर स्काउटिंग गाइडिंग को जीवन जीने की कला के साथ ही साथ आशीर्वाद दिया। विद्यालय के प्रबंधक हाजी रईस अहमद द्वारा शिक्षा एवं स्वास्थ क्षेत्र में किए गए कार्यों की भूरि भूरि प्रसंशा करते हुये कहा कि वह हमारे क्षेत्र के सर सैय्यद हैं, इन्होंने हमारे क्षेत्र में इस इंटर कॉलेज के साथ उस्मानिया इस्लामिक स्कूल एवं मदरसा दारुस्सलाम की स्थापना किया एवं उत्तम स्वास्थ्य सेवायें प्रदान करने के लिये मदनी हॉस्पिटल की स्थापना किया। जहाँ क्षेत्र के ऐसे गरीब एवं असहाय लोगों को भी उत्तम स्वास्थ्य सेवायें प्रदान की जाती हैं। जिनका इलाज बड़े शहरों एवं सरकारी अस्पतालो में निर्धनता के कारण नहीं हो पाता है। विशिष्ट अतिथि दाता राम मौर्या ने अपने वक्तव्य में बच्चों द्वारा भारत के महान विभूतियों के नाम पर अपने टोलियों का नामकरण करने की सराहना की एवं बच्चों को उनके जैसा बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को बताया कि स्काउटिंग गाइडिंग बच्चों में देश सेवा एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित करती है साथ ही साथ बच्चों को एक बेहतर इंसान बनाती हैं इसलिए बच्चों को कुछ भी बनने से पहले एक अच्छा इंसान बनना चाहिए। स्काउटिंग गाइडिंग में बच्चों को बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग करना चाहिए। प्रशिक्षक के रूप सुश्री कायमा इस्लाम जिला संगठन आयुक्त गाइड ने प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को प्राथमिक उपचार, सहायता, वर्दी, सीटी के संकेत, खोज के चिन्ह, गांठ बन्धन एवं टेंट लगाना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्काउट गाइड के द्वारा हम अपने दैनिक जीवन में आपदा से तत्काल किस परिस्थितियों से निपटेंगे इसके बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के अतीक अहमद, रियाजुर्रहमान मलिक, रजनीश कुमार पाठक, मुशीर अहमद, असद रईस, सरोज खान, शिल्पी श्रीवास्तव, मौलाना मोहम्मद आमिर, अंकित कुमार मिश्रा, अहमद रईस, अभिषेक यज्ञसैनी, मोनिश अहमद, विवेक त्रिवेदी, सुभाष यादव अखलद रईस, मौलाना अल्ताफ आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन