अराजक तत्वों ने शिव प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त : एक हफ्ता पूर्व बाबा साहेब की प्रतिमा को पहुंचाया गया था नुकसान
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Sep 16, 2025
रिसिया, बहराइच। रिसिया का नरसिंह डीहा गांव एक बार फिर सुर्खियों में आया हुआ है। अराजक तत्वों ने गांव के बाहर पक्के तालाब पर स्थापित शिव प्रतिमा को क्षति ग्रस्त कर दिया है। जबकि एक हफ्ता पूर्व इसी गांव में डा.अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। तब पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज किया था। लेकिन किसी की गिरफ्तारी नही हुई थी। थाना रिसिया के नरसिंह डीहा में अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। एक बार पुनः गांव के बाहर पक्के तालाब पर स्थापित शिव प्रतिमा के सिर की चांद, मुंह की नाक तोड़ी गई है। डमरू को गायब कर दिया गया है और हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया हैं। यह घटना बीती रात की बताई जा रही है। चूंकि यहां नियमित पूजा होती है। सुबह, शाम को ग्रामीण पूजा पाठ करने जाते है और एक पुजारी भी है। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचा तो शिव प्रतिमा को क्षति ग्रस्त पाया। चूंकि मंदिर चारो तरफ से खुला हुआ है। मंदिर के चारो तरफ तालाब में पानी भी भरा हुआ है। इसलिए मंदिर में जाने का रास्ता सीढ़ी से होकर है। पुजारी दीना नाथ वर्मा ने जब देखा तो हल्ला गुहार किया। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जबकि एक हफ्ता पूर्व भी इसी गांव में डा.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी सदर पूजा चौधरी व सीओ पयागपुर राज सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही थी। थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि सर्विलांस की मदद ली जा रही है। मुकदमा दर्ज कर जांच में पुलिस टीम को लगा दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन