पुत्र ने फावड़े से हमला कर पिता की हत्या की : मानसिक रूप से विक्षिप्त है पुत्र
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 28, 2025
बहराइच। पुत्र ने फावड़े से हमला कर पिता की हत्या कर दी। थाना विशेश्वरगंज अन्तर्गत ग्राम ठोरिया बरईपुरवा में एक बेटे ने फावड़े से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मृतक की पहचान रामबरन चौरसिया के रूप में की गई। जो अपने दो बेटो राजाराम 36 वर्ष व हजारी लाल 30 वर्ष के साथ रहते थे। शुक्रवार सुबह रामबरन अपने छोटे बेटे हजारी लाल के साथ खेत में काम करने गए थे। दोपहर में भोजन करते समय हजारी लाल का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर हजारी लाल ने पास रखे फावड़े से रामबरन चौरसिया पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी हजारी लाल मानसिक रूप से विक्षिप्त है और छोटी-छोटी बातों पर आक्रोशित हो जाता है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कम्प मच गया। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी पयागपुर, थाना प्रभारी विशेश्वरगंज राजकुमार पाण्डेय फोरेसिक टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी अशोक कुमार सिंह ने भी घटना स्थल का दौरा कर जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी हजारी लाल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछतांछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन