रेल मंत्रालय ने मैलानी-नानपारा ब्रॉड गेज कनेक्टिविटी सर्वेक्षण को दी म : प्रस्तावित नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के बाहर से होकर निर्मित की जाएगी
Kunwar Diwakar Singh
Thu, Jul 17, 2025
बहराइच। रेल मंत्रालय ने बहराइच एवं खीरी जनपदों में रेल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए भीरा खीरी-रायबोझा (120 किमी) के मध्य नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन के निर्माण तथा मैलानी-भीरा खीरी (16 किमी) एवं नानपारा-रायबोझा (13 किमी) खंड के आमान परिवर्तन (मीटर गेज से ब्रॉड गेज) के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे (एफ.एल.एस.) की मंजूरी प्रदान की है। यह परियोजना हिमालय की तराई के क्षेत्रों को देश के ब्रॉड गेज नेटवर्क से जोड़ने के उद्देश्य से स्वीकृत की गई है। जिससे यह क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में जुड़ेगा। इस सर्वेक्षण कार्य हेतु रु. 3.58 करोड़ की लागत निर्धारित की गई है। साथ ही इस सर्वे के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डी.पी.आर.) भी तैयार की जाएगी। प्रस्तावित नई ब्रॉड गेज रेलवे लाइन दुधवा राष्ट्रीय उद्यान के बाहर से होकर निर्मित की जाएगी। ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे। इस परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात मैलानी से नानपारा तक ब्रॉड गेज मार्ग उपलब्ध होगा। जिससे इस क्षेत्र से दिल्ली सहित देश के पश्चिमी और उत्तरी भागों के साथ ही पूर्वी भारत, पीलीभीत एवं उत्तराखंड तक सीधा रेल संपर्क संभव हो सकेगा। इस रेल कनेक्टिविटी के सशक्त होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यहां के वन्य एवं कृषि उत्पादों को देश के महानगरों तक भेजना और विपणन करना अधिक सरल एवं सुलभ हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन