झमाझम बारिस से सड़के बनी तालाब, गर्मी से लोगों को मिली निजात : आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, बुजुर्ग झुलसा
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Jun 30, 2025
बहराइच/बौण्डी। बीते कई दिनों से दगा दे रहे काले बदरा आखिरकार सोमवार अपराहन झमाझम बरस पड़े। भारी बारिस के चलते लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने राहत महसूस की। वहीं इससे उलट भारी बारिस के चलते सड़के तालाब बन गई। घुटनों तक पानी भर गया। जिसमें लोग अपने वाहन निकालते नजर आए। निचले इलाकों में पानी भर गया। लोगों के घरों में बरसात का पानी घुस गया। जिसके चलते लोग परेशान नजर आये। नगरपालिका द्वारा किये गए नाले व नालियों की सफाई भी काम न आई। पहली ही बरसात में नाले व नालियां उफना गए। हालांकि नगर पालिका द्वारा बारिस से पूर्व नाले व नालियों की सफाई का दावा किया गया था पर बरसात के दौरान ही सारा दावा धरा का धरा रह गया। कई मोहल्लों में पानी भरने के चलते पम्पिंगसेट लगाने की नौबत आ पहुंची है। ज्ञातव्य हो कि शहर के अधिकांश तालाबों को पाटकर मकान बना लिया गया है। कहीं पर भी बरसात का पानी एकत्रित होने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में सारा पानी सड़कों पर ही एकत्रित होता रहता है। सोमवार का अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि दोपहर तक भीषण गर्मी से लोग परेशान होते रहे पर अपराहन 3 बजे के बाद बारिस के चलते लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। आर्द्रता 98 प्रतिशत दर्ज की गई। आपदा विशेषज्ञ सुनील कनौजिया ने बताया कि आगे भी बारिस के आसार है। लखनऊ मौसम कार्यालय के अनुसार शाम तक जनपद में 65 एमएम बरसात रिकार्ड की जा चुकी है। वहीं बौण्डी संवादसूत्र के अनुसार बौडी बाजार में मानसून की पहली बरसात में ही जल निकासी प्रबंधन की पोल खुल गई। बाजार स्थित राम जानकी मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर गांव के अंदर जाने वाले रास्तों पर 2 फीट की ऊंचाई तक पानी भर गया। ग्रामीणों को रोजमर्रा की वस्तुओं को लाने ले जाने के लिए बाजार आना पड़ता है। बरसात के चलते सड़कों पर भरे पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं कस्बेवासियों ने बताया कि यह समस्या हर बरसात में हो रही है इसके लिए प्रशासन द्वारा कोई विकल्प नहीं निकल गया है ना ही ग्राम पंचायत के माध्यम से भी किसी प्रकार की कोई व्यवस्था की गई है। ऐसे में बजबजाती नालियों से निकला हुआ पानी और बरसात के पानी दोनों मिलकर सड़क पर भरे हुए हैं। गंदे पानी के बीच लोगों को गुजरना पड़ रहा है जिससे कई प्रकार की बीमारियां उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।
आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, बुजुर्ग झुलसा
फखरपुर, बहराइच। सोमवार को कोतवाली देहात क्षेत्र के अराई खुर्द गांव निवासी आलोक 15 पुत्र अमृत लाल खेत में धान की रोपाई देखने गया था। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली आलोक पर गिर गई। जिससे आलोक की मौके पर मौत हो गई। जबकि पास में खेत में खड़े ननकऊ 45 पुत्र अलीजान आकाशीय बिजली से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने खेत से शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन