: करंट लगने से किशोरी की मौत
Admin
Wed, Jul 3, 2024बहराइच। करंट की चपेट में आकर एक किशोरी की मौत हो गई। किशोरी अपने रिश्तेदारी में आई हुई थी। श्रावस्ती जिले के गिलौला थाना अंतर्गत मलावा मिर्चहा गांव निवासी शालिनी पांडेय 17 पुत्री चौखुशी नाथ पांडेय की बहन का विवाह जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर गांव में हुआ है। शालिनी कुछ दिन पूर्व अपने बहन के यहां आई थी। मंगलवार रात को वह पंखा चलाने के लिए तार लगा रही थी। बिना प्लग के तार लगाते समय वह करंट की चपेट में आ गई। परिवार के लोग किशोरी को लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे। जहां चिकित्सको ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रक की ठोकर से महिला की मौत, दो अन्य घायल
ननपारा, बहराइच। दुकान के सामने खड़ी एक महिला को ट्रक ने ठोकर मार दिया। जिससे उसकी मौत हो गई । घटना कोतवाली नानपारा अंतर्गत इमामगंज चौराहे के पास की है। जहाँ दुकान के सामने खड़ी माधुरी देवी को ट्रक ने ठोकर मार कर कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी को लेकर भागने लगा। ट्रक चालक लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए घटना स्थल से 300 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप के पास खड़े छोटा हाथी वाहन को सामने से जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे वाहन में बैठे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमे आनंद स्वरूप 31 पुत्र राम कुंवारे निवासी मथुरा व मनोज कुमार 34 पुत्र छोटेलाल निवासी नानपारा को गंभीर चोटें आई। पास में ही खड़े अमन सोनी उम्र 30 वर्ष पुत्र रमेश चंद्र निवासी जुबलीगंज को भी चोटे आई। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। घटना की तहरीर मृतका के पति राजेंद्र पुत्र जानकी निवासी कहारन टोला ने पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं की एक साथ तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। ट्रक की तलाश की जा रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नानपारा रूपईडीहा मार्ग से चालक तेज रफ्तार में ट्रक इतनी लापरवाही से चला रहा था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास भी घटना होते-होते बची।
तेंदुए के हमले में बालक गंभीर रूप से घायल, लखनऊ रेफर
बिछिया, बहराइच। मां के साथ घर में चारपाई पर सोए बेटे पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बहराइच मेडिकल कालेज में इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेक्टर रेफर कर दिया गया । घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज अन्तर्गत बनकटी गांव की है। जहां बुधवार सुबह 3 बजे बनकटी गांव निवासी गुरमुख सिंह के घर में तेंदुआ घुस गया। इसके बाद तेंदुए ने गांव निवासी जय करन सिंह 5 पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर परिजनों ने हाँका लगाते हुए तेंदुए से किसी तरह बालक की जान बचाई। आसपास के लोगो की मदद से सूचना वन विभाग की दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर रोहित कुमार के निर्देश पर वन दारोगा अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल बालक को पीएचसी सुजौली में भर्ती कराया। जहां पर घायल को सीएचसी रेफर कर दिया गया। लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान हालत और गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। जंगली जानवरों के लगातार हमले से जंगल के किनारे के ग्रामीण दहशत में जीवन जीने को मजबूर है।
विज्ञापन
विज्ञापन