: छात्रो का फूटा गुस्सा, हाईवे जामकर कर किया प्रदर्शन
Admin
Fri, Mar 1, 2024
कालेज प्रशासन पर फर्जी डिग्री देने का आरोप
जिला प्रशासन ने गठित की तीन सदस्य जांच समिति
बहराइच। कालेज प्रशासन द्वारा छात्रों को फर्जी डिग्री के मामले में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने नानपारा हाईवे जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और कालेज प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। मामले में सीआरओ ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। गौरतलब हो कि रामगांव थाना क्षेत्र में सोहरवा में नंदा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कालेज का संचालन होता है। यहां बीएससी नर्सिंग, डी फार्मा, जीएनएम समेत अन्य मेडिकल की पढ़ाई होती है। जिसमें सैकड़ों छात्र और छात्राएं कोर्स कर रहे हैं। यहां प्रवेश लेने वाले छात्रों को अलग-अलग विश्वविद्यालय की डिग्री, रिजल्ट, एडमिशन और परीक्षा दिया जा रहा है। जब यहां के डिग्री धारक कहीं अंकपत्र लेकर जाते हैं तो वह फर्जी बताकर वापस कर दिया जाता है। छात्रों ने बताया कि उनके साथ मोटी रकम लेकर धोखा किया गया है। जिस पर छात्रों के एक टीम ने सीआरओ को ज्ञापन दिया। जबकि सैकड़ों छात्रों ने स्कूल के सामने नानपारा-बहराइच मार्ग जाम कर दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक शशि कुमार राणा, चैकी इंचार्ज समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। सभी धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाया। इस पर छात्रा शांत हुए। लगभग आधे घंटे तक धरना प्रदर्शन चलता रहा। फर्जीवाड़ा का आरोप लगाने वाले छात्रो की शिकायत पर मुख्य राजस्व अधिकारी देवेंद्र पाल सिंह ने एसडीएम, डीआईओएस और समाज कल्याण अधिकारी की अगुवाई में टीम गठित की है।
विज्ञापन
विज्ञापन