धूमधाम से मनाया गया विद्यालय का वार्षिकोत्सव : विद्यार्थियों ने दिया देशभक्ति व सामाजिक जागरूकता का संदेश
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 22, 2026
रुपईडीहा, बहराइच। प्रॉमिस लैंड पब्लिक इंटर कॉलेज रुपईडीहा में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने 19 रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि रुपईडीहा आदर्श नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य एवं विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख नवाबगंज जय प्रकाश सिंह, डॉ सन्त कुमार शर्मा एवं निरीक्षक इमिग्रेशन आशुतोष दुबे रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुग्रह स्टेनली एवं प्रबंधक ए.एस. स्टेनली ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह की शुरुआत प्रार्थना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने कविता पाठ, प्रार्थना नृत्य, नेपाली, अफगानी एवं राजस्थानी नृत्य, युगल नृत्य, फेयरी डांस, रिबन एवं हैट डांस सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के शौर्य एवं वीरता पर आधारित अंग्रेजी नाटक, आधुनिक तकनीक पर आधारित ‘एआई एवं ऑनलाइन शिक्षक बनाम मानव शिक्षक’ विषयक हिंदी नाटक, सैनिक एवं किसान पर आधारित प्रस्तुति, रेड राइडिंग हुड तथा भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित कार्यक्रम विशेष आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं मानवीय मूल्यों का संदेश दिया। प्रधानाचार्य अनुग्रह स्टेनली ने अतिथियों, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन