पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुआ ब्लैक आउट मॉक ड्रिल : घने अंधेरे व सन्नाटे के बीच फायर सर्विस सायरन चारों तरफ गूंजने लगे
Kunwar Diwakar Singh
Sun, Nov 22, 2026
बहराइच। जनपद में आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपातकालीन परिस्थितियों के समय आमजनमानस को सतर्क व अलर्ट रखने, प्राथमिक उपचार तथा जीवन को सुरक्षित रखने की जानकारी प्रदान करने तथा दैवीय आपदा के समय अग्निशमन एवं आपात सेवायें, पुलिस, एसएसबी, स्वास्थ्य एवं अन्य सम्बन्धित विभागों, संस्थानों, संगठनों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से पुलिस लाईन परेड ग्राउण्ड में महानिदेशक, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक तथा भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत के कुशल मार्गदर्शन में ब्लैक आउट जैसी परिस्थितियां पैदा कर मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान घड़ी की सुईयों द्वारा शाम के छः बजाते ही ब्लैक आउट के हालात पैदा हो गये। घने अंधेरे व सन्नाटे के बीच फायर सर्विस सायरन चारों तरफ गूंजने लगे। पुलिस लाईन परेड ग्राउण्ड पर अचानक हमले जैसे हालात के सजीव दृश्य के बीच एम्बुलेन्स दौड़ दौड़ कर घायलों को प्राथमिक उपचार देने के साथ-साथ अस्पताल की ओर ले जाने लगी। जबकि कुछ स्थानो पर लगी आग को काबू पाने के लिए फायर सर्विस के वाहन पूरी तरह से हरकत में आ गये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह व ग्रामीण के दुर्गा प्रसाद, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन