सीमा क्षेत्र के 38 गांवों में आयोजित होगा स्वास्थ्य कैंप : 24 नवंबर को मरी माता मंदिर परिसर में आयोजित होगा मेगा स्वास्थ्य शिविर
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Nov 21, 2026
बहराइच। श्री गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तत्वावधान में आगामी 22 व 23 नवंबर को सीमा क्षेत्र के 38 गांवों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा तथा 24 नवंबर को मरी माता मंदिर परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन बहराइच की अध्यक्ष डॉ. सारिका साहू एवं यात्रा संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज सहित 58 से अधिक चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक एवं चिकित्सा छात्र उपस्थित होकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।
सियार के हमले में महिला और चार बच्चे घायल
रिसिया, बहराइच। खेत खलिहान खाली होते ही जंगली जानवरों ने गांव की ओर रुख कर लिया है। सियार के हमले से एक महिला और चार बच्चे घायल हो गए है। थाना रिसिया के परसा कोदी खां गांव में शुक्रवार शाम को घर के बाहर खेल रहे डेढ़ वर्षीय इरफान और चार वर्षीय रेहान को सियार ने नोच लिया। जिन्हें रिसिया सीएचसी लाया गया। जिन्हें बाद में मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इस घटना के कुछ देर बाद ग्राम कटहना से लौटी मुन्नी बेगम 25 वर्ष को सियार ने काट लिया। उसी समय शाहबाज 15 वर्ष तथा शकरुन्निशा 4 वर्ष को भी सियार ने काट लिया। इन सबको सीएचसी पर टीका लगा दिया गया है। इनके परिजन गांव के बाहर खेतों के किनारे घर बनाकर रहते है।
प्रशासकों ने सचिव पर सरकारी कार्यों में हीलाहवाली और ग्रामीणों को परेशान करने का लगाया आरोप
किसी अन्य सचिव की तैनाती की लगाई गुहार
जरवलरोड, बहराइच। विकास खंड जरवल के क्लस्टर हरचन्दा अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के प्रशासकों ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता को प्रार्थना पत्र सौंपकर वर्तमान ग्राम पंचायत सचिव को हटाने की मांग की है। प्रशासकों ने सचिव पर सरकारी कार्यों में हीलाहवाली और ग्रामीणों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए किसी अन्य सचिव की तैनाती किए जाने की गुहार लगाई है। सीडीओ को दिए गए प्रार्थना पत्र में क्लस्टर हरचन्दा के प्रशासकों ने बताया कि वर्तमान में यहां तैनात ग्राम पंचायत सचिव महेन्द्र कुमार की कार्यशैली अत्यंत निराशाजनक है। आरोप है कि सचिव ग्राम पंचायत से जुड़े किसी भी कार्य को गंभीरता से नहीं लेते और लगातार काम को टालने का प्रयास करते हैं। विशेष रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और परिवार रजिस्टर की नकल बनवाने के लिए ग्रामीणों को कई-कई दिनों तक ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं, बावजूद इसके उनका काम समय पर पूरा नहीं हो पाता। प्रशासकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी 29 जून को खंड विकास अधिकारी जरवल और 30 जून को जिला पंचायत राज अधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर सचिव परिवर्तन की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते ग्राम पंचायतों के सरकारी और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वही इस संबंध में सचिव महेंद्र कुमार का कहना है कि प्रशासक कार्य के पहले भुगतान करवाना चाहते थे जो नियमानुकूल नहीं था जो सरकारी कार्य हो चुके है उनका नियमानुसार भुगतान किया जा रहा है। नए कार्यों की स्वीकृति के लिए फाइल जिले पर जाती है स्वीकृति के बाद ही कार्य और भुगतान होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन