: चरागाह व गोचर की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर अधिक से अधिक क्षेत्रफल में करे चारे की बुआई
Admin
Tue, Oct 8, 2024पशुपालन विभाग के कार्यो की समीक्षा के लिए डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
बहराइच। गोआश्रय स्थलों के सफल संचालन हेतु सोमवार को देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि चरागाह व गोचर की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर अधिक से अधिक क्षेत्रफल में चारा की बुआई करा दें ताकि गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए हरे चारे की कमी न रहे। डीएम ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन अभियान संचालित कर निराश्रित गोवंशों को आस-पास के आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाय। डीएम ने निर्देश दिया कि अभियान के अन्तर्गत पकड़े गये निराश्रित गोवंशों का विवरण भी सुरक्षित रखा जाय। डीएम ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत व नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिला पंचायत व नगर निकायों अन्तर्गत संचालित गो संरक्षण केन्द्रों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण तथा केयर टेकरों के भुगतान इत्यादि की कार्यवाही समय से सुनिश्चित की जाय। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, मुख्य राजस्व अधिकारी देवेन्द्र पाल सिंह, उप जिलाधिकारी कैसरगंज आलोक प्रसाद आईएएस, सदर के राकेश कुमार मौर्या, नानपारा के अश्वनी पाण्डेय, महसी के अखिलेश कुमार सिंह, पयागपुर के दिपेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भेड़िये ने हमला कर बालिका को किया घायल
डीएफओ बोले कुत्ते का है हमला
बहराइच। महसी क्षेत्र के गाँवो में अभी भी भेड़िए का आतंक थमा नहीं है। बीती रात भी एक बालिका पर भेड़िया ने हमला कर उसे घायल कर दिया। बालिका को इलाज के लिए शहर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं वन विभाग का कहना है कि भेड़िए का हमला नहीं बल्कि कुत्ते ने हमला कर बालिका को घायल किया है। डीएफओ ने मेडिकल कालेज पहुंच कर बालिका का हाल जाना। उन्होंने इसे कुत्ते का हमला बताया। साथ ही स्लाइवा जांच के लिए बरेली भेजे जाने की बात कही। लेकिन परिवार के लोग भेड़िया का हमला बता रहे हैं। जिले के हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गरेठी गुरुदत्त सिंह गांव निवासी अंजू देवी पुत्री राम पाल 8 वर्ष सोमवार को मां के साथ घर के आंगन में सो रही थी। रात 11.30 बजे अचानक आंगन में एक वन्यजीव पहुंचा। उसने बालिका को दबोच लिया। इसके बाद उसे बाहर ले जाने लगा। इस पर बालिका ने शोर मचाया। मां और परिवार के अन्य लोग दौड़े। सभी ने शोर मचाया तो वन्यजीव बालिका को छोड़ कर गन्ने की खेत की तरफ चला गया। वहीं सूचना पाकर जांच के लिए जिला अस्पताल डीएफओ अजीत प्रताप सिंह पहुंचे। उन्होंने भेड़िया के हमले से इंकार किया। डीएफओ ने कहा कि कुत्ता ने हमला किया है। स्लाइवा जांच के लिए बरेली भेजा जा रहा है। इससे हमले की और पुष्टि हो जाएगी।
हत्या से आक्रोशित लोगों ने की तोड़फोड़, टेंपो को जलाया
महसी, बहराइच। युवक की हत्या में गांव के कुछ लोगों का नाम आने व उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद तोड़फोड़ की तथा एक वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। एतिहात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। ज्ञातव्य हो कि हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करेहना के मजरा माधवपुरवा गांव निवासी गिरधारी लाल मिश्रा 45 का शव गांव के तालाब में सोमवार सुबह मिला था। पुत्र प्रशांत मिश्रा ने गांव निवासी शकील, रईस, मुस्तकीम, जुबेर समेत अन्य पर मवेशी हांकने के विरोध में अगवा कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शाम को ही छह लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने पर लोगों ने शाम को उपद्रव मचाया। सभी ने गांव निवासी शकील का टेम्पो और पंपिंग सेट जला दिया। वसीम का पंपिंग सेट, हनीफ के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना को देखते हुए थाने की भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
कनफोड़वा डीजे का किया विरोध तो दबंगों ने किया हमला
बहराइच। तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध करने पर दबंगों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया तथा मारपीट कर घायल किया। महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। कोतवाली नगर के बशीरगंज निवासी राजू निगम पड़ोस में तेज आवाज में बज रहे डीजे का विरोध किया। इससे दबंग लोग नाराज हो गए। दबंग सुबह सात बजे राजू निगम के घर में घुस गए। जमकर परिवार के लोगों को पीटा। महिलाओं से अभद्रता की। पीड़ित लोगों ने चौकी और कोतवाली में सूचना दी। दबंगों के हमले में शुभम निगम समेत तीन लोग घायल हो गए। जिसमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित लोगों ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी, लेकिन अभी तक केस दर्ज नहीं हुआ है। कोतवाल दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा ।
विज्ञापन
विज्ञापन