निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नानपारा की थपथपाई पीठ : एस.आई.आर. अभियान में तहसील नानपारा का बेहतर प्रदर्शन
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Nov 28, 2025
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एस.आई.आर. कार्यक्रम के दौरान पूर्ण लगन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-283 नानपारा अन्तर्गत 56.59 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो जाने पर निर्वाचन आयोग द्वारा उपजिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के प्रयासों की सराहना की गई है। आयोग द्वारा न सिर्फ उप जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की गई बल्कि उनसे संवाद करते हुए अपनायी गयी रणनीति के बारे में भी जानकारी हासिल की। आयोग से संवाद के दौरान एसडीएम नानपारा श्रीमती जौहरी ने आयोग को बताया कि जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के कुशल मार्गदर्शन में सर्वप्रथम गणना प्रपत्र (इम्युरेशन फार्म) के वितरण, भरे हुए प्रपत्रों को प्राप्त करने तथा मतदाताओं से प्राप्त होने वाले गणना प्रपत्रों डिजिटाईज़ेशन हेतु डे-बाई-डे का लक्ष्य निर्धारित कर इस बात पर फोकस किया गया कि किसी भी स्तर पर को कार्य लम्बित न रहने पाये। क्षेत्र में तैनात किये गये बूथ लेबिल अधिकारियों को कोटेदारों, पंचायत सहायकों, नगर निकाय के कार्मिकों से सहयोग दिलाने के साथ-साथ अपेक्षाकृत कमज़ोर बीएलओ के साथ क्षेत्र को भली प्रकार से जानने व समझने वाले अतिरिक्त सहयोगी भी लगाये गये। श्रीमती जौहरी ने आयोग को बताया कि तहसील नानपारा के समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारीगण के अन्तर्गत तहसीलदार नानपारा, नायब तहसीलदार नानपारा, खण्ड विकास अधिकारी शिवपुर व नवाबगंज के सहयोग से वर्तमान में कुल 56.59 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शीघ्र शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति कि दिशा में कार्य किया जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि सभी नामित कार्मिकों द्वारा टीम भावना से कार्य किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत अब तक किसी भी कार्मिक के विरूद्ध कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की गई सभी लोग बेहतर समन्वय के साथ अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आयोग द्वारा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी से अपेक्षा की गई कि कार्य की गति को बनाये रखकर शीघ्र की विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को पूर्ण कराया जाय।
विज्ञापन
विज्ञापन