: हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, निकली शिव बारातें
Admin
Fri, Mar 8, 2024
भक्तिभाव से मनाया गया महाशिवरात्रि पर्व
बहराइच। जिले में महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ कमाया। बेल पत्र, धतूरा, भांग, मिष्ठान से जलाभिषेक किया। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जमावड़ा जलाभिषेक के लिए लगा रहा। भारी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव की विशेष पूजा-आराधना की। शहर स्थित पाण्डवकालीन सिद्धनाथ मंदिर में भक्त पहुंचकर भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। शहर के सिद्धनाथ मंदिर में प्रातःकाल से ही मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोले गए तो लाइन में लगकर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर मत्था टेका। महिलाओं व पुरूषों के लिए अलग से अलग-अलग बैरीकेटिंग कर लाइनों की व्यवस्था की गई थी। पुरूषों की अपेक्षा महिला श्रद्धालुओं की संख्या कुछ अधिक ही देखी गई। जिसमें नवयुवतियों की भी पर्याप्त संख्या रही। अपर जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर पहुंचकर सुरक्षा सम्बन्धी तैयारियों का जायजा लिया व व्यवस्थायें चौक चौबन्द रखने के लिए निर्देश दिए। सुरक्षा के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक स्वयं मंदिर परिसर में रूककर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते देखे गए। चाक चौबन्द सुरक्षा व्यवस्था के बीच जलाभिषेक चलता रहा। मंदिर के महंथ रवि गिरि द्वारा आसन ग्रहण कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया जा रहा था। कांवरियों के जत्थों द्वारा भी मंदिर में पहुंचकर जलाभिषेक किया गया। सरयू तट गोलवाघाट से जल लेकर कांवरियों का जत्था हर-हर महादेव के जयकारों के साथ मंदिर पहंुचकर जलाभिषेक किया। जुलूस के दौरान बोल बम व हर-हर महादेव के जयकारों से आसमान गूंजता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ महा शिवरात्रि पर्व मनाने की सूचना है। पुरैना संवादसूत्र के अनुसार गोण्डा के पृथ्वीनाथ मंदिर सहित क्षेत्रीय शिव मंदिरों में भारी संख्या में पहुंचकर भक्तों ने जलाभिषेक किया। पृथ्वीनाथ मंदिर जाने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु जत्थों में जाते देखे गए। पयागपुर संवादसूत्र के अनुसार बागेश्वरनाथ मंदिर पर भी श्रद्धालुओं का ताता लगा रहा। नरसिंहडीहा व मटेरा संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र के पाण्डवकालीन जंगलीनाथ मंदिर पर सुबह से जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पहुंचते रहे। इस दौरान उप जिलाधिकारी नानपारा, प्रभारी मटेरा सहित भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। बौण्डी संवादसूत्र के अनुसार क्षेत्र के बभनौटी शंकरपुर स्थित बाबा पारसनाथ मंदिर पर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। एसडीएम महसी व क्षेत्राधिकारी द्वारा भ्रमण कर गतिविधियों पर नजर रखी गई। बौण्डी थाना प्रभारी ने भी पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों पर नजर बनाये रखी। कैसरगंज, जरवल, जरवलरोड, फखरपुर, हुजूरपुर संवादसूत्रों के अनुसार क्षेत्रीय शिवमंदिरों पर शिवभक्तों ने पहुंचकर बोल बम के नारों के साथ जलाभिषेक किया। नानपारा संवादसूत्र के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। नगर का मुख्य मार्ग और तमाम शिव मंदिरों पर बम बोल के नारों से गुंजायमान रहा। भक्त प्रातः से ही मंदिरों पर पूजा-अर्चन के लिए मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन