सीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों का किया निरीक्षण : विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता व साफ-सफाई पायी गयी उत्कृष्ट
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Sep 1, 2025
बहराइच। मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने विकास खण्ड चित्तौरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय डीहा एवं प्राथमिक विद्यालय सुहासपारा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित पाये गये। सीडीओ ने निरीक्षण के दौरान पाया कि विद्यालय में शैक्षणिक और स्वच्छ वातावरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया जा रहा है। विद्यालय की व्यवस्थाएं सराहनीय हैं जो अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकता है। पूरे विद्यालय परिसर में कक्षाओं से लेकर शौचालय तक साफ-सफाई पायी गयी। सभी कक्षाओं में दीवारों पर ज्ञानवर्धक चार्ट और सामग्री लगी हुई पायी गयी जो बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को रोचक बना रही थी। सीडीओ ने छात्रों से संवाद करते हुए प्रश्न भी पूछा। छात्रों द्वारा बिना किसी झिझक के सही और स्पष्ट उत्तर दिए गये। जिससे छात्रों के समझ और ज्ञान का स्तर परिलक्षित होता है। विद्यालय में बाल संसद जैसी अतिरिक्त गति विधियां भी नियमित रूप से आयोजित की जा रही थीं, जो छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं। सीडीओ ने इस उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए प्रधानाध्यापक और सभी शिक्षकों की सराहना की। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी डॉ सूबेदार यादव, खण्ड शिक्षा अधिकारी अनुराग मिश्रा तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन