: रिसार्ट में निर्माणाधीन इमारत की छत ढही, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत, आठ अन्य घायल
Admin
Sat, Mar 16, 2024
होटल संचालक व ठेकेदार सहित तीन पर दर्ज हुआ केस
बहराइच। सीतापुर मार्ग स्थित लेजर रिसार्ट में बीती रात्रि निर्माणाधीन इमारत की छत गिरने से दस मजदूर दबकर घायल हो गए। किसी तरह मलबा हटाकर अन्य को तो बाहर निकाल गया। जबकि दो की दबकर मौत हो गई। ज्ञातव्य हो कि बहराइच-सीतापुर मार्ग पर गजपतिपुर गांव के पास लेजर रिसार्ट स्थित है। यह रिसार्ट डा.अनिल केडिया का है। पर उन्होंने इसका संचालन किसी अन्य एजेन्सी को दे रखा है। रिसार्ट के अंदर इमारत का निर्माण हो रहा था। तभी शुक्रवार रात्रि ढलाई के दौरान लगाई गई बल्ली टूट कर गिर गई। बल्ली टूटते ही छत भरभरा कर ढह गई। छत ढहने के चलते नीचे काम कर रहे सभी मजदूर मलबे में दब गए। राहुल वर्मा पुत्र मोहन लाल वर्मा निवासी सबलापुर थाना कोतवाली देहात व राहुल चौहान पुत्र मेंवालाल निवासी उत्तमापुर जनपद श्रावस्ती समेेत आठ मजदूर मलबे में दब गए। घटना की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा, एसडीएम महसी, सीओ सिटी राजीव सिसोदिया, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात बी.के.मिश्रा व थाना फखरपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। जेसीबी व हाईड्रा भी बुलाए गए। मलबे से छह श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया। जबकि दो श्रमिकों के ऊपर ज्यादा मलबा होने के चलते मलबा हटाने में समय लगा। जेसीबी से किसी तरह मलबा हटाया गया। तब तक सलीम पुत्र मुख्तार अली 29 वर्ष निवासी साहबपुरवा थाना रिसिया व जोगेन्दर पाल पुत्र प्यारे लाल 24 वर्ष निवासी सहनवाजपुर की दबकर मौत हो गई। सूचना पर लखनऊ से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। उसके द्वारा बचाव व राहत कार्य देर रात्रि तक चलता रहा। घायलों को इलाज के लिए केडिया नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मजदूरों के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर होटल संचालक आशीष केडिया सहित दो ठेकेदारों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि मृतकों के शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन