: क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की जयंती मनाई गई
Admin
Sat, Nov 18, 2023
सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बहराइच। क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त की जयंती शनिवार को सेनानी भवन सभागार में मनाई गई। इस अवसर पर सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके क्रांतिकारी जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बटुकेश्वर दत्त का जन्म 18 नवंबर 1910 को बंगाल के जिला नानी बेदवान में हुआ था, उनकी स्नातक शिक्षा उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में हुई। 08 अप्रैल 1929 को सेन्ट्रल असेम्बली पर दो बम फेंक कर भगतसिंह के साथ गिरफ्तारी दी, जिसके लिए दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि भगत सिंह से प्रभावित होकर बटुकेश्वर दत्त उनके क्रांतिकारी संगठन हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन से जुड़ गए, उन्होंने बम बनाना भी सीखा, क्रांतिकारियों द्वारा आगरा में एक बम फैक्ट्री बनाई गई थी जिसमें बटुकेश्वर दत्त ने अहम भूमिका निभाई थी। समाजसेवी पवन सिंह ने कहा कि बटुकेश्वर दत्त को आजीवन कारावास काटने के लिए काला पानी सेलुलर जेल भेजा गया,जेल में ही उन्होंने 1933 एवं 1937 में ऐतिहासिक भूख हड़ताल की।1965 में उनकी मृत्यु के पश्चात उनका दाह-संस्कार भगतसिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की समाधि स्थल पंजाब के हुसैनी वाला में किया गया। अन्त में उपस्थित सभी सेनानी उत्तराधिकारियों ने उनके जीवन संस्मरण, व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगठन के विशेष आमंत्रित सदस्य भानुप्रताप द्विवेदी एडवोकेट, अभिषेक द्विवेदी एड, सुफियान अली,विनय कुमार त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र शर्मा, राम रूप मिश्र, अवनीन्द्र पाण्डेय एडवोकेट रवि जायसवाल सहित तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन