योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहींः सीडीओ : सीडीओ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
Kunwar Diwakar Singh
Fri, Oct 16, 2026
बहराइच। आकांक्षात्मक विकास खण्ड हुजूरपुर में गुरुवार को आयोजित समस्त विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रमुख सूचकों में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विकास खण्ड के समस्त ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘सास-बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन कराया जाए। इन सम्मेलनों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, पोषण तथा संस्थागत प्रसव के प्रति ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया जाए, जिससे स्वास्थ्य संबंधी संकेतकों में सुधार हो सके। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। लक्ष्य पूरे न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। बीडीओ को निर्देश दिया गया कि मिशन के अंतर्गत गठित समूहों एवं संबंधित गतिविधियों की प्रगति सुनिश्चित करने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करें। आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए मॉडल एवं अनुपूर्ण भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वीकृत भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग कराये जाने के निर्देश दिये। इस सम्बन्ध में एडीओ (पं.) को नोडल अधिकारी नामित करते हुए नियमित भौतिक निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मौके पर अनुपस्थित पंचायत सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा पंचायत सचिवों एवं तकनीकी सहायकों के कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करने तथा कार्यों में शिथिलता बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन