पूर्ण परियोजनाओं को तत्काल हस्तगत कराया जायः डीएम : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 17, 2026
बहराइच। सीएमआईएस एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान उ.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम, उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, सीएनडीएस, उ.प्र. राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, उ.प्र. जल निगम, यूपी सिडकों, उ.प्र. राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड व उ.प्र. राज्य सेतु निगम के पूर्ण परियोजनाओं का प्रतिशत एवं कार्मिक व्यय धनराशि का प्रतिशत औसत से कम पाये जाने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सम्बन्धित परियोजनाओं के ठेकेदारों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ-साथ कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने निर्देश दिया कि जो परियोजनाएं लम्बित हैं उन्हें 30 नवम्बर तक पूर्ण कराया जाय। डीएम ने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हैं उन्हें हस्तगत कराते हुए जनोपयोग में लाया जाय। सीएमआईएस की समीक्षा में जिलाधिकारी ने एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं तथा एक करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी घासीराम सहित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन