पुण्यतिथि पर याद किए गए लाला लाजपतराय : सेनानी उत्तराधिकारियों ने देश की आजादी में उनके योगदान की चर्चा की
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 17, 2026
बहराइच। स्थानीय सेनानी भवन सभागार में पंजाब केसरी लाला लाजपतराय की पुण्यतिथि मनाई गई। सेनानी उत्तराधिकारियों ने देश की आजादी में अतुलनीय संघर्ष और उनके योगदान की चर्चा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिला इकाई बहराइच, श्रावस्ती के संरक्षक एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने कहा कि लाल-बाल-पाल के नाम से मशहूर स्वतंत्रता संग्राम के तीनों दीवानों की तिकड़ी में सबसे महत्वपूर्ण लाला लाजपतराय का जन्म 28 जनवरी 1865 में पंजाब के मोगा जिले में हुआ था। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गरमदल के प्रमुख नेता थे। वे एक महान स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रवादी नेता और लेखक थे। लाला लाजपतराय लाहौर के सरकारी कालेज से कानून की पढ़ाई की और हरियाणा के हिसार में वकालत की। संगठन के प्रदेश कार्यवाहक महामंत्री रमेश कुमार मिश्र ने कहा कि लाला लाजपतराय ने 1894 में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और लक्ष्मी बीमा कंपनी की स्थापना की। लाला जी ने अनहैप्पी इंडिया, यंग इंडिया और इंग्लैण्ड डेप्ट टू इंडिया जैसी मशहूर पुस्तकें लिखीं। 30 अक्टूबर 1928 को लाहौर में साइमन कमीशन के खिलाफ एक शांति पूर्ण विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते समय ब्रिटिश पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में गंभीर रूप से घायल हो गए। 17 नवंबर 1928 को इन्हीं चोटों के कारण उनका निधन हो गया। सेनानी उत्तराधिकारियों ने लाठियां खाते हुए उनके द्वारा कहे गए शब्द कि ‘मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश साम्राज्य के ताबूत में एक-एक कील साबित होगी‘ याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी, और कार्यक्रम समाप्त किया। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री आदित्य भान सिंह, सदस्य अजय कुमार सिंह, अवनींद्र पाण्डेय, दिनेश कुमार मिश्र, रामरूप मिश्र, अभिषेक कुमार, श्रीराम चौहान सहित तमाम राष्ट्र भक्त मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन