मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में सहयोग प्रदान करें राजनैतिक दल : मतदाता सूची के आलेख्य का हुआ प्रकाशन, राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराये गये आलेख्य प्रकाशित सूची
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Nov 17, 2026
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी अर्ह नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को आलेख्य प्रकाशित सूची उपलब्ध कराते हुए अपेक्षा की गयी कि सभी राजनैतिक दल बूथ लेबिल एजेन्ट्स की तैनाती कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दें ताकि विशेेष पुनरीक्षण कार्यक्रम अन्तर्गत समस्त अर्ह लोगों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराया जा सके। पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक होगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसम्बर तक किया जायेगा तथा 04 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। श्री पाण्डेय ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने हेतु 21, 22, 28 व 29 नवम्बर विशेष अभियान तिथियां होंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की तिथियों पर जनपद के समस्त 2899 बीएलओ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित होकर दावे तथा आपत्तियों प्राप्त करेंगे। विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जनपद में 230 सेक्टर आफिसर, 34 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 07 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किये गये है। सन्दर्भित पुनरीक्षण में 16 दिसम्बर तक दावे तथा आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। विधान सभा निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन 04 जनवरी को होगा। डीएम ने बताया कि प्रकाशित आलेख्य के अनुसार जनपद में मतदेय स्थलों की संख्या 2899 तथा कुल मतदाताओं की संख्या 2252099 है जिसमें पुरुष मतदाता 1226051, महिला मतदाता 1026009 तथा अन्य श्रेणी के 39 मतदाता हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन