बाढ राहत व बचाव कार्यों के लिए शासन ने जारी किये दिशा निर्देश : आवश्यकता पड़ने पर निर्बाध रूप से राहत व बचाव कार्यों का संचालन किया जा सके
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jun 24, 2025
बहराइच। बाढ़ की पूर्व तैयारी व कुशल प्रबन्धन हेतु चरणबद्ध रुप से बाढ़ के पूर्व, बाढ़ के दौरान तथा बाढ़ के पश्चात की जाने वाली कार्यवाही के सम्बन्ध में शासन स्तर से दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। शासन द्वारा निर्देश दिये गये हैं कि पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर बाढ़, अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति का सामना करने के लिए पहले से ही तैयारी रखी जाये ताकि बाढ़ की स्थिति में जनधन की हानि कम से कम हो तथा पीड़ित व्यक्तियों को अविलम्ब राहत पहुंचाना सम्भव हो सके। जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि बाढ़ प्रबंधन के संबंध में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निर्गत गाइडलाइन के अनुसार जनपद में समस्त कार्यवाहियां सुनिश्चित की जाएं। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, खाद्य एवं रसद, पशुपालन, जल निगम, विद्युत व लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि शासन द्वारा जारी किये गये दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें ताकि आवश्यकता पड़ने पर निर्बाध रूप से राहत व बचाव कार्यों का संचालन किया जा सके। डीएम ने बताया कि बाढ़ शरणालयों के सम्बन्ध में लॉजिस्टिक की पूर्णरूपेण व्यवस्था के साथ राहत कैम्प में प्रतिदिन तीन बार स्वच्छ, पोषण युक्त, ताजा भोजन की व्यवस्था की जाय। प्रातः काल नाश्ते में दलिया अथवा उबला चना अथवा पोहा, 01 मौसमी फल, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धजनों को 01 गिलास दूध व अन्य को चाय। दोपहर के भोजन में मौसम की सब्जी, दाल, चावल, रोटी, पूड़ी तथा रात्रि के भोजन में मौसम की सब्जी, रोटी, पूड़ी व मिठाई परोसे जाने का सुझाव दिया गया है। शासन द्वारा सुझाव दिया गया है कि खोज व बचाव कार्यों हेतु जनपद में आने वाले एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी एवं अन्य खोज बचाव दल के ठहरने के लिए माकूल बन्दोबस्त किये जायें। खोज व बचाव दल तथा नावों व मोटरबोटों की व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी की तैनाती की जाय। नावों, लाइफ जैकेट्स, प्राथमिक उपचार किट, रस्सी, टार्च व अन्य उपकरणों से युक्त टीमें गठित की जायें। बाढ़ खोज-बचाव एवं राहत कार्यों में आपदा मित्रों का भी सहयोग लिया जाय। बाढ़ के दौरान त्वरित राहत कार्यों हेतु नावें/मोटरबोट की आपूर्ति हेतु पूर्व से ही टेण्डर व अनुबन्ध की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाय।
विज्ञापन
विज्ञापन