बारिश से कच्चा मकान गिरा : गरीब परिवार हुआ बेघर
Kunwar Diwakar Singh
Mon, Sep 15, 2025
बाबागंज, बहराइच। विकास खण्ड नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत चरदा के मजरा जमोग में बीती रात हुई तेज बारिश से एक गरीब परिवार का आशियाना जमींदोज हो गया। जानकारी के अनुसार छोटकऊ पुत्र कल्लू का कच्चा मकान बरसाती पानी के दबाव से अचानक ढह गया। दीवार गिरने से पूरे मकान की संरचना कमजोर हो गई। इस हादसे से गरीब परिवार पूरी तरह बेघर हो गया है। गाँव के लोगों ने बताया कि छोटकऊ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और उसी से किसी तरह कच्चे मकान में गुजारा कर रहा था। अचानक दीवार गिरने से उसके परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बारिश के मौसम में खुले आसमान तले रहने की मजबूरी ने परिवार की परेशानी और बढ़ा दी है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत राहत और मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में जब लेखपाल जैसराम से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमानुसार जो भी सरकारी लाभ निर्धारित है, वह पीड़ित परिवार को अवश्य उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में प्रशासन को त्वरित कार्यवाही करनी चाहिए ताकि गरीब परिवारों को तुरंत राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन