निजी अस्पताल में महज 50 रूपये के लेनदेन को लेकर जमकर चले लाठी-डण्डे : पुलिस ने 9 लोगों को लिया हिरासत में
Kunwar Diwakar Singh
Tue, Jun 2, 2026
बहराइच। एक निजी अस्पताल में महज 50 रूपये के लेनदेन को लेकर जमकर लाठी-डण्डे चले। अस्पताल परिसर के भीतर हुई इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसका वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को हिरासत में लिया है। मिली जानकारी के अनुसार विकास नाम का एक व्यक्ति अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए अस्पताल लाया था। इलाज के दौरान जब कम्पाउंडर बच्चे को विगो लगा रहा था तब फीस या चार्ज के पैसों को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे के पिता विकास के पास उस वक्त तय रकम से 50 रूपये कम पड़ गए थे। इसी बात पर कम्पाउंडर और तीमारदार के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने पिता के साथ मारपीट की। अस्पतालकर्मियों द्वारा की गई इस बदसलूकी से गुस्सायें युवक विकास ने तुरन्त अपने गांव फोन किया। वहां से अपने दोस्तों व साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी-डण्डों से लैैस होकर पहुंचे गांव के युवकों ने अस्पताल पर धावा बोल दिया। इसके बाद तीमारदार के साथियों ने निजी अस्पताल स्टाफ को जमकर पीटा। अस्पताल के भीतर और बाहर लाठियां चटकने से वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया और मरीज अपनी जान बचाकर भागने लगे। अस्पताल में बवाल और मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से ही उपद्रव करने और कानून को हाथ में लेने के आरोप में दोनों पक्षों के 9 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर हिंसा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। दोनों पक्षों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर क्रास एफआईआर दर्ज की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। फिलहाल अस्पताल और आसपास के इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।
विज्ञापन
विज्ञापन