12 दिन बाद लापता महिला का शव उसके ही फूस के घर में दफन मिला : घर के अंदर पुलिस को ताजा मिट्टी खुदाई के निशान मिलने से हुआ शक
Kunwar Diwakar Singh
Sat, Oct 18, 2025
जरवलरोड, बहराइच। जिले के जरवलरोड थाना क्षेत्र में एक लापता महिला का शव उसके ही फूस के घर में दफन मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को निकलवाकर पीएम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अहाता के मजरा नरपतपुरवा निवासी हरिकिशन की 46 वर्षीय पत्नी फूलन देवी बीते 6 अक्टूबर सोमवार की रात्रि से गायब थी। पति समेत अन्य परिजन खोजबीन कर रहे थे। महिला का मायका भी उसी गांव में ही है। महिला का कही पता न चलने पर उसके भाई धीरज ने जरवलरोड थाने में 13 अक्टूबर को महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। पुलिस को अपनी प्रारंभिक जाच में महिला को गांव से बाहर कहीं नहीं निकलने का पता चला। जिस पर शुक्रवार को जरवलरोड थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने महिला के घर के अंदर जांच, छानबीन व परिजनों से पूछताछ शुरू की। तभी उसके फूस के घर के अंदर पुलिस को ताजा मिट्टी खुदाई के निशान मिले। पुलिस ने तत्काल उस जगह खुदाई कराई तो महिला का शव बरामद हुआ। महिला का शव मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर शाम पीएम के लिए भेज दिया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की है। जरवलरोड थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज थी उसे खोजा जा रहा था उसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस टीम के साथ महिला के घर के अंदर जांच के दौरान महिला का शव दफन पाया गया। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य संकलन किया है। हत्या की धाराएं बढ़ाकर दोषी की तलाश की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन